
जालंधर में आम आदमी पार्टी के सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने आज बुजुर्गों के लिए फ्री ई-रिक्शा सुविधा शुरू की। 65 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग इस सेवा का घर बैठे लाभ उठा सकते हैं। इसके जरिए बुजुर्ग जालंधर के किसी भी धार्मिक स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे।ई-रिक्शा चालक उन्हें घर से लेकर जाएगा और दर्शन के बाद वापस घर तक छोड़ेगा। इस सुविधा के लिए दो संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। नितिन कोहली के अनुसार, बुजुर्ग 0181-5018181 और 89686-21277 पर कॉल करके ई-रिक्शा सेवा का लाभ ले सकते हैं। कॉल रिसीव होने के बाद चालक उन्हें लेने पहुंच जाएगा।
जागरूक करने के लिए रिक्शा में स्पीकर लगाए
नितिन कोहली ने बताया कि पहले चरण में यह सुविधा दो ऑटो-रिक्शा के जरिए शुरू की गई है। यदि अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो ऑटो की संख्या बढ़ाई जा सकती है। लोगों को जागरूक करने के लिए रिक्शा में स्पीकर भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से इस सेवा की जानकारी दी जा रही है। नितिन कोहली ने हलके के लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अकेले बुजुर्गों की समस्या को देखते हुए शुरू की गई सुविधा
नितिन कोहली ने ऑटो सुविधा का शुभारंभ करते हुए बताया कि उनके मन में यह विचार आया था कि अकेले रहने वाले बुजुर्गों को घर से बाहर जाने में काफी कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्री ई-रिक्शा सेवा शुरू की गई है। शहर में कई बुजुर्ग ऐसे हैं जो अकेले रहते हैं। यह सुविधा उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।
आम आदमी पार्टी के बैनर तले सुविधा शुरू
नितिन कोहली ने बताया कि यह सेवा भले ही व्यक्तिगत पहल पर शुरू की गई हो, लेकिन इसे आम आदमी पार्टी के बैनर तले लॉन्च किया गया है। रिक्शा पर पार्टी के बैनर लगाए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर भी शामिल है। वाहनों को पार्टी के रंगों और पहचान के अनुरूप सजाया गया है।



