
जालंधर के प्राचीन देवी तालाब मंदिर में रविवार शाम को आम आदमी पार्टी (AAP) के हलका इंचार्ज व मेयर विनीत धीर के मौजूदगी में ईंट-पत्थर चले। मेयर आज अपनी शुक्राना यात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान फतेह गैंग और भाना गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए, जिनमें बहस के बाद हाथापाई हुई।फिर दोनों ने एक-दूसरे को पत्थर मारे। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गैंगस्टरों के आपस में भिड़ने से कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। पत्थरबाजी करने के आरोप में थाना-8 पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, देवी तालाब मंदिर में मेयर विनीत धीर के समर्थक इकट्ठे हुए थे। इस दौरान उनके विरोध करने वाला गुट भी मंदिर पहुंचा। इस दौरान मेयर के समर्थक गुट ने उनके समर्थन में नारेबाजी कर दी। इससे विरोधी गुट भी विरोध में नारेबाजी करने लगा।
इस नारेबाजी के बाद पहले दोनों गुटों में कहासुनी हुई। इसके बाद हाथपाई शुरू हो गई। बाद में दोनों गुटों के सभी सदस्य आमने-सामने आ गए और दोनो गुटों में पथराव शुरू हो गया। दोनों गुटों के सदस्यों ने ऊंचाइयों पर चढ़कर एक-दूसरे को पत्थर मारे, जिससे कई श्रद्धालु भी घायल हुए।

इसके बाद मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही हालात को काबू किया। इसके बाद एक युवक को हिरासत में लिया। दोनों गुटों के नेताओं के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज हैं।



