
जालंधर में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में खूनी टकराव हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर करीब 25 राउंड गोलियां चलाईं। पेट में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।यह वारदात बाबू लाभ सिंह नगर में आज सुबह करीब 6:00 बजे हुई। लोग सोकर उठ ही रहे थे कि गोलियों की आवाजों से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, फायरिंग इतनी ताबड़तोड़ थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। सुबह-सुबह हुई इस घटना से लोग डर के मारे अपने घरों में छिप गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने आए युवकों में मुख्य आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो निहंग सिंह के बाणे (पारंपरिक वेशभूषा) में आया था।
अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं
अमरजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष के राहुल नामक युवक को निशाना बनाया। हमलावरों ने राहुल पर देखते ही अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि करीब 25 राउंड फायरिंग की गई।
इस ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान राहुल खुद को बचा नहीं पाया और कई गोलियां उसकी ओर चलीं, जिनमें से एक गोली सीधे उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही राहुल लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमरजीत सिंह और उसके साथी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल राहुल को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत भी नहीं दी गई है।



