
जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने आज पदभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को नशे से मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।शनिवार को जालंधर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचने पर सतिंदर सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रमुखों के साथ एक अहम बैठक की।

- थानों में सुधरेगी पब्लिक डीलिंग: नए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस थानों में आने वाले आम लोगों की सुनवाई को और बेहतर बनाया जाएगा। लोगों की शिकायतों पर तय समय सीमा के भीतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

- पुलिसकर्मियों की भलाई और व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर: सीपी सतिंदर सिंह ने कहा कि दिन-रात ड्यूटी करने वाले पुलिस जवानों के कल्याण के लिए भी नए कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने शहर के व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
- जालंधर की जनता से सहयोग की अपील: सतिंदर सिंह ने कहा कि जालंधर शहर से उनका पुराना नाता रहा है। शहर में चल रहे सभी अपराध मामलों को पुलिस गंभीरता से ट्रेस कर रही है और जल्द ही क्राइम ग्राफ को कम किया जाएगा। उन्होंने जालंधर वासियों से अपील की कि वे शहर को सुरक्षित बनाने में पुलिस का पूरा सहयोग करें।
धनप्रीत कौर का हुआ तबादला
बता दें कि पूर्व पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के तबादले के बाद सतिंदर सिंह को जालंधर की कमान सौंपी गई है। धनप्रीत कौर को महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (PPA), फिल्लौर में निदेशक नियुक्त किया गया है।
1990 से पंजाब पुलिस में दे रहे हैं सेवाएं
साल 1990 में बतौर पुलिस इंस्पेक्टर पंजाब पुलिस जॉइन करने वाले सतिंदर सिंह के पास कानून-व्यवस्था का लंबा अनुभव है। चार्ज संभालने के बाद उन्होंने कहा कि वह जनता के साथ सीधा तालमेल स्थापित कर अपराध को जड़ से खत्म करने का प्रयास करेंगे।



