
पंजाब में विधानसभा चुनावों में मात्र 4 दिन ही बचे हैं। इन 4 दिनों में वोटरों को लुभाने के लिए चुनावों में खड़े प्रत्याशी हर संभव हथकंडे अपना रहे हैं। इस बार वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों ने शराब बांटने के लिए एक अजीब तरीका ढूंढा है। प्रत्याशियों के खासम-खास आदमियों द्वारा वोटरों को एक ही सीरीज के 10 या 20-50 के नोट बांटे जा रहे हैं। उक्त नोट को शराब के ठेके पर देने पर पहले से ही फिक्स शराब की बोतल मिल जाएगी। जबकि इससे पहले प्रत्याशियों द्वारा वोटरों को शराब बांटने के लिए पर्ची का सहारा लिया जाता था। एक नोट के जरिए डील करने की योजना अक्सर हवाला के पैसे को इधर से उधर करने में प्रयोग की जाती रही है। विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों द्वारा वोटरों को खरीदने के शराब या पैसे बांटने से रोकने के लिए चाहे कि चुनाव आयोग द्वारा विभिन्न टीमों का गठन किया गया है, लेकिन उम्मीदवारों के आदमी चोरी- छुपे वोटरों को सामान, शराब या पैसे बांटने में डटे हुए हैं।जालंधर में कुछ जगह वोट के बदले कैश भी बांटे जाने की जानकारियां प्राप्त हो रही है।



