
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब भाजपा के प्रधान अश्विनी शर्मा को पठानकोट से चुनावी दंगल में उतारा है। अब पंजाब में भाजपा की सूची 34 की जगह 35 प्रत्याशियों की हो गई है। पंजाब भाजपा के प्रधान अश्विनी शर्मा को अलग से एक पत्र जारी कर चुनाव समिति ने उन्हें पठानकोट से टिकट दिए जाने के बारे में सूचित किया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि पिछले कल सूची में उनका नाम शुमार नहीं हो पाया था। लेकिन चुनाव समिति ने उन्हें पठानकोट से चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है।
बता दें कि भाजपा ने पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी तक एक ही सूची जारी की है, जबकि अगली सूची में 35 से 40 और प्रत्याशियों की भाजपा जल्द ही घोषणा कर सकती है।




