
आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को चमकौर साहिब से चुनाव लड़ने की चुनौती का आज जवाब दिया। भगवंत मान आज सीएम उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पहली बार अमृतसर आए थे। वहीं उन्होंने गोल्डन टेंपल, जलियांवाला बाग, दुर्ग्याणा मंदिर और राम तीर्थ मंदिर में माथा टेका। भगवंत मान ने इस दौरान कांग्रेस की नीतियों पर कटाक्ष किया और सीएम चन्नी को उनकी सीट से आकर चुनाव लड़ने के लिए भी कहा।
भगवंत मान ने कहा कि सीएम चन्नी उन्हें अपनी सीट चमकौर साहिब साहिब से चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। लेकिन वह भूल रहे हैं कि उनकी सीट रिजर्व है। अगर वह चुनाव लड़ना ही चाहते हैं तो लंबी से आकर चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं भगवंत मान अपने ही सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की बात काटते नजर आए। जहां केजरीवाल एसवाईएल नहर के मुद्दे पर बार-बार पंजाब से दिल्ली के लिए पानी मांग रहे हैं, वहीं भगवंत मान ने दिल्ली को पानी देने से साफ इंकार कर दिया। उनका कहना था कि पंजाब के पास तो पहले से ही पानी नहीं है।
पंजाब को कैलिफोर्निया नहीं, पुराना पंजाब बनाना है
इस दौरान भगवंत मान पंजाब में राज कर चुकी सरकारों की नीतियों को गलत ढहराया। उन्होंने कहा कि इन सरकारों के कारण ही पंजाब आज कर्जे में है। कर्जा ले-ले कर इन्होंने अपने महल व होटल बनाए हैं। लेकिन अब इधर-उधर जाने वाले पैसे का मुंह खजाने की तरफ किया जाएगा, ताकि खजाना भर सके। आम आदमी पार्टी कभी ऐलान नहीं करती कि पंजाब को कैलिफोर्निया बनाना है। आप पंजाब को पुराना व खुशहाल पंजाब बनाना चाहती है।



