
चुनाव से पहले टांडा रोड के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग के साथ काला बैनर बांधकर उस पर रेलवे अंडरब्रिज बनाने वाली पार्टी का विरोध करने की अपील की है। इसके अलावा लोगों ने पार्टी का विरोध करने को लेकर इमारतों पर काले झंडे भी लगाए हैं। दुकानदारों ने बगैर किसी पार्टी का नाम लिखते हुए फ्लेक्स बोर्ड अड्डा टांडा चौक के पास टांग दिया है।
इस पर लिखा है कि जालंधर आयरन एंड स्टील मर्चेंट एसोसिएशन (जिसमा) रेलवे अंडरपास बनाने वाली पार्टी का विरोध करेगी। बता दें कि 2021 में नगर निगम में पहली बार अंडरपास बनाने या पुल बनाने का प्रस्ताव लाया गया था, तभी से नजदीकी दुकानदार इसका विरोध कर रहे हैं। उन्हें रोजी-रोटी की चिंता है। जो लोग लोहे के काम से जुड़े हैं, उनके लिए और भी परेशानी है। अब जब चुनावी माहौल गर्म है तो इलाके के कुछ लोगों ने फ्लेक्स बोर्ड लगा रोष जाहिर किया है।
मर्चेंट एसोसिएशन ने कहा- पुल बनाने वाली पार्टी का विरोध करेंगे
अड्डा टांडा पर अंडरब्रिज बनाने को लेकर पंजाब सरकार ने लोक निर्माण विभाग को एजेंसी बनाया है। पीडब्ल्यूडी रेलवे के साथ मिलकर निर्माण करेगा। यह काम अब नई बनने वाली सरकार ही कर पाएगी। चुनावी कोड लगने के कारण काम शुरू भी नहीं किया जा सकता है। वहीं, इलाके के लोगों ने कानूनी लड़ाई की भी घोषणा कर दी है। इस घटना से कांग्रेस खेमे में काफी हलचल रही।



