Punjab Election 2022: जालंधर नार्थ से कांग्रेस प्रत्याशी बावा हैनरी ने भरा नामांकन, कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत पर बोला हमला
Punjab Vidhan Sabha Election 2022 जालंधर में आज हल्का नार्थ से कांग्रेस के प्रत्याशी बावा हैनरी व हल्का कैंट से कांग्रेस के प्रत्याशी परगट सिंह द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की सूचना है। वहीं सुबह हल्का सेंट्रल से ही भाजपा प्रत्याशी मनोरंजन कालिया ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

जालंधर नार्थ से कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह जूनियर बावा हैनरी ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। बावा हेनरी ने चुनाव आयोग के नियमों का पूरी तरह से पालन करते हुए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ उनकी पत्नी हरसिमरत कौर और बेटा रहमत था। कोई भी कार्यकर्ता उन्होंने मौके पर नहीं बुलाया। नियमों के मुताबिक उम्मीदवार के साथ सिर्फ दो व्यक्ति ही नामांकन दाखिल करने आ सकते हैं।
बावा हैनरी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह उनके सत्कार योग मंत्री हैं लेकिन उन्हें अपनी जानकारी में इजाफा कर लेना चाहिए। वह जालंधर से सांसद रहे हैं और उन्हें पता होना चाहिए कि काजी मंडी इलाका जालंधर नार्थ की बजाय जालंधर सेंट्रल हलके में आता है। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि कौन शराब बेचता है और किसकी शराब बिकती रही है। इसलिए ऐसे आरोपों और छोटी राजनीति में नहीं आना चाहिए विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ेंगे।

हल्का सेंट्रल से भाजपा के प्रत्याशी मनोरंजन कालिया ने सुबह सबसे पहले अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मनोरंजन कालिया के साथ उनके करीबी रजत महेंद्रु तथा एडवोकेट बृजेश चोपड़ा भी मौजूद थे। उन्होंने एसडीएम व हरप्रीत सिंह अटवाल को नामांकन पत्र दाखिल किया।
गौरतलब है कि 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में 25 जनवरी से नामांकन पत्र लिखे जाने थे, जो 1 फरवरी तक लिए जाएंगे। अभी तक नामांकन पत्र दाखिल करने की रफ्तार धीमी चल रही थी। जिसे आज रफ्तार मिलने की संभावना है।
जालंधर कैंट से परगट सिंह ने भरा नामांकन

वहीं जालंधर कैंट से परगट सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस बार परगट का मुकाबला अकाली दल के जगबीर बराड़ और भाजपा प्रत्याशी सर्बजीत सिंह मक्कड़ के साथ हाेगा।
अकाली दल बसपा के प्रत्याशी कुलदीप सिंह ने भी भरा नामांकन

हल्का नार्थ से नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे अकाली दल बसपा के प्रत्याशी कुलदीप सिंह लुबाना ने कहा कि पार्टी के नेताओं तथा समर्थकों के साथ-साथ जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। हलके के लोग साफ सुथरा शासन तथा प्रशासन चाहते हैं। उनकी प्राथमिकता नार्थ हलके से नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध करना, लोगों को मूलभूत सुविधाएं देना तथा सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं को योग्य लोगों तक पहुंचाना रहेगा। लुभाना ने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है जिस पर वह हर हाल में खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि हलके के लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। शिरोमणि अकाली दल तथा बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ उनके साथ कैंपेन में जुटे हुए हैं। लुभाना बोले कि उन्हें विश्वास है नार्थ हलके की जनता इस बार परिवर्तन करते हुए उन्हें सेवा का अवसर देंगे। इस दौरान उनके साथ अकाली जत्था के प्रधान कुलवंत सिंह मनन सुभाष सोंधी सहित अकाली नेता मौजूद थे।



