जालंधर में झुग्गियों में लगी भीषण आग:कूड़े के ढ़ेर से निकली चिंगारी से फैली आग; सिलेंडर फटने से हुए धमाके, फायर ब्रिगेड काबू करने में जुटी

जालंधऱ : शहर के अर्बन एस्टेट फेस -1 के पास कबाड़ के गोदाम में आग लगने की घटना का मामला सामने आया है। आग लगने के बाद धुआं इतना ज्यादा फैला गया कि कूल रोड चौक तक धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। जालंधर में PPR मार्केट के पास झुग्गियों में भीषण आग लग गई। ज्योति नगर से पीपीआर मार्केट जाते वक्त यह झुग्गियां रास्ते में पड़ती हैं। पहले आग बगल में ही कूड़े के ढ़ेर को लगी। वहां से निकली चिंगारी फिर झुग्गियों की तरफ चली गई। जिसके बाद आग इतनी तेजी से झुग्गियों में फैली कि लोगों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। आग लगी देख सब जान बचाने के लिए बच्चों समेत बाहर भाग निकले। जिसके बाद आग की वजह से झुग्गियों में रखे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गए।

आग से निकले धुएं की लपटें करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग बुझाने का काम किया जा रहा है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है। पुलिस जांच कर रही है कि कूड़े को आग किसने लगाई।

आग लगने से आसपास के रिहायशी इलाकों के घरों में भी धुआं फैल गया। वहां भी आग की लपटें निकलने से लोगों में दहशत बन गई। फिलहाल इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि झुग्गी वालों का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।








