जालंधरपंजाब

जालंधर में महिला पर तेजाब फेंका, हालत नाजुक:मामूली विवाद के बाद फैक्ट्री में साथ काम करने वाले व्यक्ति ने की वारदात; लोगों ने धुनाई कर पुलिस को सौंपा

जालंधर में फैक्ट्री में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने साथ काम करने वाली महिला पर तेजाब फेंक दिया। दोनों फोकल प्वाइंट स्थित नट-बोल्ट फैक्ट्री में साथ काम करते हैं। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तेजाब फेंकने के कारण का खुलासा नहीं हो सका है।

महिला की पहचान राजरानी (47) निवासी गली नंबर 2, संजय गांधी नगर हुई है। महिला की बहू मनीशा ने बताया कि उक्त व्यक्ति करीब 5 सालों से सास का परिचित है। वह अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था और साथ बैठकर खाते-पीते भी थे। फैक्ट्री में सोमवार राज रानी की सोहन लाल नाम के साथ में काम करने वाले व्यक्ति से मामूली कहासुनी हो गई। जिसके बाद आरोपी सोहन लाल ने महिला के मुंह पर तेजाब फेंक दिया।

यह देख फैक्ट्री में काम करने वाले दूसरे कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने सोहन लाल को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। आरोपी ने फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले तेजाब की बोतल ही महिला के ऊपर उड़ेल दी। मारपीट के बाद फोकल प्वाइंट पुलिस को बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया गया।

मामले की जांच कर रहे ASI मदन सिंह ने कहा कि आरोपी को पकड़ लिया गया है लेकिन अभी इसके बारे में कुछ स्पष्ट पता नहीं चल पाया कि उसने तेजाब क्यों फेंका। आरोपी से पूछताछ की जा रह है। वहीं, महिला अभी बयान देने की हालत में नहीं है। पूरे मामले की पड़ताल जारी है। पुलिस फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरे भी खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page