जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर 2 घंटे जाम – जालंधर में PAP चौक पर किसानों का प्रदर्शन; जाम में फंसी दो एंबुलेंस, किसानों से बहस के बाद सेना ने निकाली गाड़ी, टू-व्हीलर व सवारी बसें फंसने से लोग परेशान

जालंधर-दिल्ली नेशनल हाइवे रविवार यानी आज दो घंटे के लिए जाम कर दिया गया है। हरियाणा के करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने यहां PAP चौक पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे तक होगा। इस दौरान अमृतसर व लुधियाना को जाने वाले रास्ते बंद हो गए हैं। इसके अलावा फगवाड़ा, होशियारपुर के रास्ते भी बंद हैं। किसान मोर्चा के प्रदर्शन को देखते हुए PAP चौक पर सिक्योरिटी तैनात कर दी गई है।
अभी तक ट्रैफिक जाम में 2 एंबुलेंसें फंस चुकी हैं। एक में ऑक्सीजन सपोर्ट पर मरीज भी लेटा हुआ था। हालांकि मुश्किल से इन्हें जाम से निकाला गया। पुलिस की तरफ से आपातकालीन वाहनों को निकालने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया। किसानों ने सेना की गाड़ी भी रोक ली थी। हालांकि उसके बाद किसानों व सैनिकों में बहस के बाद सैनिक अपनी गाड़ी निकालकर ले गए।
वहीं, सवारी बसें जाम में फंसने व टू-व्हीलर रोके जाने से लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि इसके बारे में पहले बताया जाना चाहिए या फिर पुलिस उनके लिए कोई वैकल्पिक रास्ते का प्रबंध करे। हालांकि ACP मेजर सिंह का कहना है कि किसानों ने अचानक ही जाम लगा दिया, जिसकी वजह से पुलिस को रूट डायवर्ट करने का मौका नहीं मिला।
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के जिला यूथ प्रधान अमरजोत सिंह जंडियाला ने कहा कि हरियाणा सरकार की तरफ से करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। जिसकी वजह पंजाब के किसानों में भारी आक्रोश है। इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू राजेवाल यह प्रदर्शन कर रही है। जिसमें जिला प्रधान मनदीप समरा, मुख्य प्रवक्ता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला, सचिव अबिंदर सिंह संसारपुर व सलाहकार अमरजीत सिंह शेरगिल भी मौजूद रहेंगे। अमरजोत ने कहा कि इस दौरान ट्रैफिक को पूरी तरह जाम रखा जाएगा।
कल BJP के आफिस घेरेंगे किसान
करनाल में भाजपा नेताओं का विरोध करने पर किसानों के ऊपर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को किसान जालंधर में BJP के आफिस घेरेंगे। किसान नेता कुलविंदर सिंह मशियाणा ने कहा कि सोमवार को 11 बजे BJP के सभी आफिस घेरकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा इस तरह किसानों के साथ अत्याचार करेगी तो फिर किसान पक्का धरना लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।





