कपूरथला : यूथ कांग्रेसी मंत्री सोम प्रकाश की कोठी घेरने पहुंचे:150 मीटर दूर बैरिकेड लगाकर पुलिस ने रोका, तो वहीं पीएम मोदी का पुतला जलाया

कपूरथला – यूथ कांग्रेस ने जिला कपूरथला के नेता हरनूर सिंह हरजी मान के नेतृत्व मे यूथ वर्करों के साथ केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, किसान तथा मजदूर विरोधी कानूनों के अलावा निजीकरण के नाम पर देश को बेचने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश कैंथ की कोठी का घेराव किया।
इस दौरान आल इंडिया यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बंटी सैलके और मुकेश कुमार विशेष तौर पर पहुंचे। कांग्रेस पार्टी की सीनियर लीडरशिप ने भी यूथ वर्करों के प्रदर्शन में शामिल होकर हौसला-अफजाई की। इसमेें पूर्व मंत्री व पंजाब एग्रो इंडस्ट्रीज निगम के चेयरमैन जोगिन्द्र सिंह मान के अलावा, सीनियर नेता हरजीत सिंह परमार, जिला कोआर्डीनेटर दलजीत राजू दरवेश पिंड प्रधान ब्लाक फगवाड़ा देहाती, सतबीर सिंह साबी वालिया, अवतार सिंह पंडवा, दलजीत नडाला इत्यादि शामिल रहे।
रेस्ट हाउस से सैकड़ों यूथ कांग्रेसी वर्करों ने अर्बन एस्टेट तक निकाला रोष मार्च
जोगिन्द्र सिंह मान और अन्यों ने कहा कि किसान विरोधी कानून, बढ़ती बेरोजगारी, जरूरी वस्तुओं की बढ़तीं कीमतों और केंद्र की जनविरोधी नीतियों के बाद अब मोदी सरकार ने निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एमएमपी की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह करदाताओं के पैसे की खुली लूट है।
कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगी। इससे पहले सैकड़ों यूथ कांग्रेस वर्कर रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने केंद्रीय मंत्री की रिहायश अर्बन एस्टेट तक रोष मार्च निकाला। कांग्रेसियों के जत्थे को पुलिस ने केंद्रीय मंत्री की कोठी से 150 मीटर दूर बैरीकेड लगाकर रोकने का प्रयास किया।
यूथ वर्कर बैरीकेड तोड़ कर आगे बढ़ने पर आमदा थे लेकिन बैरीकेड नहीं खुला और गुस्से में वर्करों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सोम प्रकाश कैंथ का पुतला वहीं फूंका। मोदी और सोम प्रकाश को देने के लिए यूथ वर्करों ने प्रशासन को चूड़ियां भी सौंपी। हरजी मान ने कहा कि यूथ कांग्रेस मोदी सरकार की ज्यादतियों को बिल्कुल भी सहन नहीं करेगी।
इस अवसर पर करन महाजन यूथ प्रधान कपूरथला, सुरजीत खेड़ा, सुखविंदर सिंह खैड़ा, रविन्द्र सिंह, नवजिंदर सिंह बाहिया, सतनाम सिंह शाम्मा, वरुण बंगड़, गोपी बेदी नंबरदार, मनजोत सिंह भगतपुरा, साबी गिरन, नवीन बंगड़ चक्क हकीम, साबी अठौली, अमरजीत सरपंच पांछट, दिलबाग सिंह मलकपुर, धर्मेंद्र सरपंच ठक्करकी उपस्थित थे।



