जालंधरपंजाबराजनीतिराष्ट्रीय

भगत और सांपला के समर्थक भिड़े, पगड़ी उतारी; दाढ़ी नोचने का आरोप – गुटबंदी न रुकी तो मोहिदर भगत को हो सकता है नुकसान

जालंधर : चुनावी दौर तेज होते ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में टकराव शुरू हो गया है। जालंधर वेस्ट हलके में भाजपा के जिला उपप्रधान प्रदीप खुल्लर और मंडल प्रधान सौरभ सेठ में टकराव हुआ है। इस टकराव में खुल्लर के करीबी साथी दीपक सिंह राठौर की पगड़ी उतारने और दाढ़ी नोचने के आरोप लगे हैं। दीपक सिंह राठौर का आरोप है कि सौरभ सेठ ने उन्हें जातिसूचक शब्द बोले और मारपीट की। प्रदीप खुल्लर और दीपक राठौर ने इसकी शिकायत थाना बस्ती बावा खेल में दी है और शिकायत की कापी श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भेजी है। शिकायतकर्ता की मांग है कि सौरभ सेठ और उनके साथी पर एससीएसटी एक्ट और धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया जाए। यह टकराव राजनीतिक रूप से भाजपा की अंदरुनी गुटबंदी को भी उजागर कर गया है। प्रदीप खुल्लर भाजपा के सीनियर नेता विजय सांपला के करीबी हैं, जबकि मंडल प्रधान सौरभ सेठ वेस्ट हलके से भाजपा उम्मीदवार मोहिदर भगत के करीबी हैं।

प्रदीप खुल्लर का आरोप है कि शुक्रवार को मीडिया से जुड़े एक कार्यक्रम में भाजपा की तरफ से पार्टी नेताओं को बुलाने की जिम्मेवारी मंडल प्रधान सौरभ सेठ को दी गई थी। खुल्लर ने आरोप लगाया कि दिलबाग नगर एक्सटेंशन में जहां पर कार्यक्रम हुआ था, वहां पर पहुंचे और सौरभ सेठ से इस बात पर एतराज जताया कि पार्टी कार्यक्रम की सूचना उन्हें क्यों नहीं दी गई? खुल्लर का कहना है कि उन्होंने पार्टी के हित में एतराज जताया था, लेकिन सौरभ सेठ भड़क गए और उन्हें आपत्तिजनक शब्द कहने लगे। इस पर उनकी सौरभ सेठ से बहस हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं ने मामला सुलझा दिया। खुल्लर ने कहा कि इसके बाद वह वहां से चले गए और अपने साथी दीपक सिंह राठौर के साथ जब ग्रोवर कालोनी के पास पहुंचे तो सौरभ सेठ और उनके साथी ने उन पर भद्दा कमेंट किया। उन्होंने कार रोककर सौरभ को समझाने की कोशिश की, लेकिन सौरभ ने अपने साथी के साथ पास ही लगी गन्ने के रस की रेहड़ी से गन्ना उठाकर उन्हें मारने की कोशिश की। ऐसा होता देख दीपक सिंह राठौर बीच में आ गए और सौरभ सेठ से ऐसा न करने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर सौरभ ने दीपक को जातिसूचक शब्द कहे और उसकी पगड़ी उतार दी। आरोप है कि सौरभ ने दीपक सिंह राठौर को गले से पकड़कर दाढ़ी नोच ली। दीपक को सौरभ ने गन्ने से मारा। इस मामले में भाजपा के मंडल प्रधान सौरभ सेठ से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

भाजपा छोड़ दूंगा, लेकिन दोस्तों का साथ नहीं

जिला भाजपा के उपप्रधान प्रदीप खुल्लर ने कहा कि वह इस मुद्दे पर समझौता नहीं करेंगे। वह पहले दोस्तों के साथ खड़े हैं, चाहे पार्टी उन्हें बाहर क्यों न कर दे। उन्होंने कहा कि वह अगर अपने साथी के साथ नहीं खड़े हो सकते तो फिर पार्टी में काम कैसे कर पाएंगे।

गुटबंदी न रुकी तो मोहिदर भगत को हो सकता है नुकसान

जालंधर वेस्ट हलके में भाजपा में बड़े नेताओं की गुटबंदी से चुनाव में नुकसान हो सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला गुट के नेता हमेशा से ही मोहिदर भगत के खिलाफ रहे हैं, लेकिन अब यह लड़ाई सड़कों पर आ गई है। विजय सांपला हमेशा ही इस सीट से टिकट का दावा करते रहे हैं। सांपला गुट के ही एक करीबी नेता शीतल अंगुराल इस समय आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं। अगर भाजपा में अंदरूनी लड़ाई न रुकी तो मोहिदर भगत को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रदीप खुल्लर भी मोहिदर भगत का खुला विरोध करते रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू की

थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी अवतार सिंह का कहना है कि उन्हें दीपक सिंह राठौर की तरफ से शिकायत मिल गई है। जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page