
जालंधर से कांग्रेसी सांसद संतोख चौधरी विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले एक समारोह में चीफ गेस्ट के तौर पर हिस्सा लिया था। वहां जब उन्होंने ज्योति जलाई तो जूते नहीं उतारे। सांसद ने खुद ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली, जिसके बाद वह लोगों के निशाने पर आ गए। लोगों ने सांसद के व्यवहार को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए सवाल पूछा कि सांसद के मन में कोई श्रद्धा भी है या फिर यह सिर्फ फोटो सेशन था। इसको लेकर हिंदू संगठनों ने भी सांसद के खिलाफ मोर्चा खोला है। शिवसेना समाजवादी के पंजाब चेयरमैन नरिंदर थापर व पंजाब के यूथ प्रधान सुनील कुमार बंटी ने सांसद के घर के घेराव का ऐलान कर दिया है। वहीं, दूसरे संगठन ने पुलिस को शिकायत देने की तैयारी कर ली है।

BSNL के कार्यक्रम में गए थे सांसद
सांसद संतोख सिंह चौधरी कुछ दिन पहले BSNL द्वारा कराए हिंदी पखवाड़ा समारोह में गए थे। जहां उन्होंने हिंदी पखवाड़े के विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इसके बाद टेलीफोन एडवाइजरी कमेटी की प्रधानगी भी की। जिसमें BSNL के कामकाज की समीक्षा की। इसके बाद सांसद ने जोत जलाते हुए यह फोटो शेयर की।

शिवसेना की तरफ से भी पूछे गए तीखे सवाल, पुलिस को देंगे शिकायत
सोशल मीडिया पर सांसद की इस फोटो की तीखी आलोचना हो रही है। वहीं, शिवसेना के प्रधान इशांत शर्मा के फैन पेज से सांसद को लेकर तीखे सवाल पूछे गए हैं। उन्होंने लिखा कि क्या सांसद के पास इतना भी वक्त नहीं था कि माता रानी की जोत जलाने से पहले अपने जूते उतार लें। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर सांसद की तरफ से कोई पक्ष नहीं दिया गया है।



