
जालंधर में PM ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशान साधते हुए कहा- जिन्होंने इतना बड़ा शराब घोटाला किया है, वह पंजाब में ड्रग्स की काली कमाई में डुबकी कैसे नहीं लगाएंगे। झाड़ू पार्टी वाले नशे के होलसेलर हैं।
भाजपा अब फ्रीडम ऑफ प्रेस के खिलाफ झाड़ू वालों की ज्यादती नहीं चलने देगी। यहां ये लोग एक दूसरे को गाली देते हैं और दिल्ली में गलबहियां (गले लगाना)। पंजाब CM को तिहाड़ जेल में मालिक से आदेश लेने जाना पड़ता है।
इससे पहले गुरदासपुर में PM ने कहा- कांग्रेस जब पंजाब में सत्ता में थी, तो आदेश कहां से आते थे। रिमोट कंट्रोल किसके पास था, लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आदेश मारने से इनकार कर दिया। सैनिक होने के कारण उन्होंने राष्ट्र हितों पर चलने का फैसला किया।
केंद्र के आदेश मानने से मना कर दिया। उसका परिणाम क्या हुआ, उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। पंजाब का ये अपमान कोई भूल सकता है। दुर्भाग्य से आज भी पंजाब को रिमोट से चलाने की कोशिश हो रही है। आज सीएम खुद फैसले नहीं ले सकते।
इनके मालिक जेल गए तो पंजाब की व्यवस्था ठप पड़ने लगी। यहां के मुख्यमंत्री को सरकार चलाने के लिए दिल्ली जेल जाना पड़ा। इंडी गठबंधन वाले पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।
PM मोदी के आने से पहले किसानों ने गुरदासपुर में रैली स्थल की तरफ कूच शुरू किया था, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उधर, जालंधर में भी किसान विरोध करने के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेर लिया। जिसके बाद किसान धरना लगाकर बैठ गए, वहीं कुछ किसान नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद किया।
सीनियर सिटीजन को फ्री इलाज देंगे
PM मोदी ने कहा- हमारा संकल्प है कि पंजाब में इंडस्ट्री को बढ़ावा मिले, हमारे पंजाब के लोगों को घर में काम मिले। इसलिए हम विकास को लेकर काम कर रहे हैं। आज जालंधर को वंदे भारत ट्रेन भी मिली है। जालंधर और फिल्लौर रेलवे स्टेशन का विकास हो रहा है।
मोदी के तीसरे कार्यकाल में देश नई ऊंचाइयों को छुएगा। एक वादा पंजाब के बुजुर्गों से करना चाहता हूं। यहां 70 साल से अधिक जितने भी सीनियर सिटीजन हैं, उन्हें फ्री इलाज दिया जाएगा।
मोदी बोले- जालंधर के प्यार का कर्ज मेरे ऊपर
जालंधर रैली में PM मोदी ने कहा- कोरोना के मुश्किल समय में आप सबने सेवा के प्रतिमान गढ़े थे। मैं राधा स्वामी डेरा की संत परंपरा को भी सलाम करता हूं। मेरे लिए पंजाब नया नहीं है। लंबे अरसे मैंने पंजाब में काम किया। कई बार जालंधर में मैंने अपने सुख दुख यहां बांटे हुए हैं।
जालंधर के कुल्चे और कैंट के पकौड़ा, जालंधर के उस प्यार का कर्ज आज भी मेरे ऊपर है। हमारे जालंधर के लोग बड़ी संख्या में मेरे बनारस भी आते रहते हैं। इस बार भी संत रविदास जी के स्थान शील गोवर्धन पुर में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने का मौका मिला था।
मैं देश नहीं झुकने दूंगा: मोदी
उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य रहा है पंजाब की धरती पर काम करने का। मुझे सौगंध इस मिट्टी की, मैं देश नहीं झुकने दूंगा, मैं देश नहीं रुकने दूंगा।
ये विश्व में जाकर कहते हैं भारत कोई राष्ट्र ही नहीं है। अयोध्या में 500 साल बाद भव्य राम मंदिर बना, लेकिन कांग्रेस ने इसका बहिष्कार किया।
राम मंदिर के लिए लड़ने वाला सबसे पहला व्यक्ति सिख था। इस बार राम मंदिर के कार्यक्रम में वे मौजूद थे।
PM ने कहा- कट्टर सरकार के मालिक फिर जेल जाएंगे
उन्होंने कहा कि 1 जून के बाद कट्टर सरकार के मालिक फिर जेल जाएंगे। क्या फिर पंजाब की सरकार जेल से चलेगी। क्या आपको ऐसी सरकार मंजूर है। ये वीरभूमि का अपमान है। आज पंजाब में जो स्थिति है, मैं उसके लिए आपसे कुछ मांगने आया हूं। पंजाब के उज्जवल भविष्य के लिए पंजाब ज्यादा से ज्यादा बीजेपी के सांसद चुन के भेजे। आप वोट देकर अपना काम कीजिए, अगले 5 साल मैं आपके सपनों के लिए जीऊंगा।
मैं वादा करता हूं 24X7 आपके लिए काम करूंगा।