
पंजाब के जालंधर में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद भागवत कथा का आयोजन आगामी 24 फरवरी से 3 मार्च तक जालंधर के साईं दास ग्राउंड में होगा। महानगर में तीसरी बार कथा वाचक जया किशोरी श्रीमद् भागवत महापुराण कथा की अमृतवर्षा करेंगी।
आप विधायक रमन अरोड़ा ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन श्री कष्ट निवारण बालाजी संस्था द्वारा किया जा रहा है।इस कथा का गुणगान अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका जया किशोरी करेंगी। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण कथा को सुनना और समझना बहुत जरूरी है, इससे मनुष्य को भगवान की वाणी सुनकर सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा मिलती है। विधायक अरोड़ा ने बताया कि सुप्रसिद्ध कथा वाचक जया किशोरी जी तीसरी बार जालंधर पधार रही हैं, जो भगवान श्री कृष्ण की अमृतमय कथा से सभी को निहाल करेंगी। कथा स्थल पर होशियारपुर के कारीगरों की ओर से 125 फुट चौड़ा और 500 फुट लम्बा वाटर प्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है जबकि मंच की सजावट के लिए बंगाल के कलाकार अपनी सेवाएं निभाएंगे।
विधायक रमन अरोड़ा ने बताया कि इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान द्वारकाधीश श्री कृष्ण जी महाराज होंगे। महेश मखीजा व राहुल बाहरी ने बताया कि विधायक रमन अरोड़ा परिवार सह-यजमान के रूप में सेवा करेगा।