जालंधरपंजाब

Punjab Election 2022: जालंधर में सीपी की चेतावनी, चुनाव के लिए पुलिस तैयार, शरारत करने वाले हो जाएं खबरदार

विधानसभा चुनाव से पहले जालंधर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह खुद हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने शरारत करने वालों को सीधी चेतावनी दी है कि सारे खबरदार हो जाएं पुलिस उनसे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

जालंधर। पंजाब में चुनावी सीजन चल रहा है और जालंधर में भी चुनावी गतिविधियां अपनी चरम पर हैं। ऐसे में शहर चुनावी माहौल में गर्मा रहा है तो पुलिस के कंधों का भार भी बढ़ गया है। जालंधर की पुलिस चुनावों को शांतिपूर्वक करवाने के लिए और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। जगह जगह पर नाके, पैरामिल्ट्री फोर्स, सीसीटीवी कैमरा, सीसीटीवी कैमरा वैन, फ्लैग मार्च, सर्च अभियान शहर के हर रास्ते और हर नाके पर नजर आ रहा है। पुलिस के सारे अधिकारी खुद भी सड़कों पर नजर आने शुरु हो गए हैं ताकि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को बल मिले। इस बल को और बढ़ाने के लिए जालंधर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह खुद भी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं और उन्होंने शरारत करने वालों को सीधी चेतावनी भी दी है कि सारे खबरदार हो जाएं, पुलिस उनसे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। चुनावों के इस दौरान शहर में सुरक्षा और सुरक्षित माहौल रखने के लिए पुलिस विभाग की तरफ से किए जा रहे प्रयासों को जानने के लिए शहर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह से विशेष तौर पर बातचीत की।

सवाल : शहर की सुरक्षा को लेकर क्या प्रबंध किए जा रहे हैं?

जबाव : शहर में पुलिस अपनी ड्यूटी पूरी लगन से कर रही है लेकिन चुनावों के इस दौर में पुलिस की ड्यूटी बढ़ जाती है और विभाग के सारे अधिकारी व कर्मचारी इसे निभा भी रहे हैं। शहर के हर थाने में तैनात पुलिस कर्मी चुनावी ड्यूटी में लगा दिए गए हैं। सात कंपनियां पैरामिट्री फोर्स, जिसमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, कमांडो फोर्स, सीआईएसएफ की कंपनियां है, तैनात कर दी गई है। हर नाके पर पंजाब पुलिस के साथ पैरा मिल्ट्री फोर्स के जवान मौजूद हैं, हर सर्च अभियान में भी उनको साथ रखा जा रहा है। पांच संवेदनशील लोकेशन पर पैरा मिल्ट्री फोर्स तैनात है और सात अन्य लोकेशन पर भी उनको तैनात किया जाएगा।

सवाल : जितनी कंपनियां पैरामिल्ट्री फोर्स की आई हैं, क्या वो सुरक्षा के मद्देनजर काफी हैं?

जवाब : सात कंपनियां पैरामिल्ट्री फोर्स की जालंधर में आ चुकी हैं जो जालंधर की पुलिस के साथ शहर की सुरक्षाा में तैना हो चुकी हैं। जल्द ही 20 और कंपनियां भी जालंधर में पहुंच जाएंगी। चुनावों में किसी भी किस्म की शरारत करने वाले खबरदार हो जाएं, यदि शरारत का प्रयास भी किया तो सख्ती से निपटा जाएगा।

सवाल : शहर में कितने बूथ संवेदनशील हैं और वहां पर कितनी सुरक्षा बढ़ाई गई है?

जवाब : शहर में कुल 325 पोलिंग लोकेशन हैं, जिनमें 785 स्टेशन हैं। इनमें से 132 संवेदनशील लोकेशन ढूंढी गई हैं जिनमें 237 स्टेशन होंगे। इलेक्शन कमिश्नर की हिदायतों के अनुसार शहर में 1292 पंजाब पुलिस के कर्मियों के साथ साथ 532 सीएपीएफ के जवान पोलिंग बूथ की सुरक्षा के लिए तैनात कर दिए गए हैं और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा ज्यादा रखी जाएगी।

सवाल : चुनावों लड़ने वालों की सुरक्षा के लिए क्या प्रबंध हैं?

जवाब : चार विधानसभा हलकों में सारे प्रत्याशियों ने नामांकन भर दिए हैं। इलेक्शन कमिश्नर के नियमों के अनुसार ही सभी को सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है और उनकी सुरक्षा पुलिस के लिए पहल के आधार पर है।

सवाल : कोरोना काल में सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षा के लिए क्या प्रबंध हैं?

जवाब : पंजाब पुलिस के सारे जवानों को वैक्सीन दोनों डोज लग चुकी है। वहीं पैरामिल्ट्री फोर्स की सारी टुकड़ियों को भी दोहरी डोज लगी है। आधे से ज्यादा की बूस्टर डोज हो चुकी है और बाकियों को भी जल्द ही बूस्टर डोज लग जाएगी। इसके अलावा सभी मुलाजिमों को मास्क, शारीरिक दूरी के नियम मानने की हिदायत दी गई है तथा उनको सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने के लिए भी कहा जा चुका है।

सवाल : शरारत करने वाले कहीं भी किसी वक्त कुछ कर निकल सकते हैं, उनकी पहचान कैसे होगी?

जवाब : शहर के 9 स्पेशल नाकों पर 40 हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरा लगा दिए गए हैं। अन्य चौराहों पर भी सीसीटीवी कैमरा लगाए जा रहे हैं। जल्द ही शहर में 20 से ज्यादा स्पेशल नाके होंगे और वहां पर सीसीटीवी कैमरा भी लगे होंगे। हर नाके पर कैमरा की लाइव लोकेशन चेक की जाएगी, जिसे ज्यादा से ज्यादा दिन सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाएगा।

सवाल : शहर के लोगों से क्या उम्मीद है?

जवाब : शहर में सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है लेकिन लोगों की मदद के बिना पुलिस के प्रयास अधूरे हैं। कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखते ही पुलिस को सूचित करें। कंट्रोल रूम पर करें या फिर संबंधित थाने में सूचना दें, जानकारी गुप्त रख कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यदि कहीं भी कोई गलत काम, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page