
- फार्म भरने के लिए पैसे वसूल रहे रिटायर्ड कर्मी, किसी का बेटा लाइनमैन तो कोई जेई के पद पर रहा
‘तुसीं बिल माफ करवाणा है तां फार्म 10 रुपए दा है, भरण दी 50 रुपए फीस वखरी लग्गेगी।’ ऐसी बातें कहकर उपभोक्ताओं से रुपए ऐंठने वाले तीन लोगों के खिलाफ पावरकाॅम की मकसूदां डिवीजन के एक्सईएन ने थाना-1 में कंप्लेंट दी है। फार्म बेचने वाले भरने के अलग से पैसे ले रहे थे। जबकि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने 1200 करोड़ रुपए बकाया बिल माफी के लिए पावरकाॅम के अधिकारियों को आदेश दिए हुए हैं और पावरकाॅम ने सर्कुलर भी जारी कर दिया है। इसमें बकाया बिल माफी वाला फार्म भी शामिल है।
दो किलोवाट वाले उपभोक्ता, जिनका बिल 29 सिंतबर से पहले वाला बकाया है। वे निशुल्क फार्म दफ्तरों से ले सकते हैं और पावरकाॅम की वेबसाइट से डाउनलोड भी किया जा सकता है। भोले-भाले लोगों से पैसे ऐंठने वालों ने मकसूदां डिवीजन के बाहर ही अपनी दुकानदारी सजा ली थी। जैसे ही इस बात की सूचना एक्सईएन सन्नी भागरा व एसडीओ काॅमर्शियल मदन लाल को मिली तो तुरंत उनका सामान जब्त कर लिया।
एक आरोपी रिटायर्ड जेई तो दूसरा लाइनमैन का पिता, दोनों मौके से फरार
आरोपियों में से एक रिटायर्ड जेई और दूसरा लाइनमैन का पिता है और वो भी पावरकाॅम से ही रिटायर्ड हुआ है। पार्षद विक्की कालिया ने बताया कि वे मौके पर पहुंचे तो व्यक्ति फार्म भर रहा था। पूछने पर बोला- 10 रुपए का फार्म और भरने के 50 रुपए। दो फार्म भरने के 100 में सौदा हुआ। जब उन्होंने थाना-1 के एसएचओ, एसीपी और मकसूदां डिवीजन के एक्सईएन को शिकायत की तो वो मौके से फरार हो गया।
75 की उम्र में क्या करें?
एक्सईएन सन्नी भागरा ने जब पूछताछ की तो एक व्यक्ति माफी मांगने लगा, जबकि दो फरार हो गए। एक व्यक्ति का सामान जब्त कर लिया, जो बाद में भाग गया। कुछ समय बाद वह एक्सईएन के दफ्तर में पहुंच गया और बोला- मेरी उम्र 75 साल है। काम तो करना ही है और क्या करें? सन्नी भागरा ने बताया कि फार्म भरने वाले लोग पावरकाॅम के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। जब्त अटैची में पावरकाॅम से संबंधित और भी कई दस्तावेज मिले हैं। थाना-1 के एएसआई कुलविंदर सिंह ने कहा मामले की जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
सीएम चन्नी की फोटो वाला फार्म मान्य नहीं
पावरकाॅम के दफ्तर के बाहर बिल माफी के जो फार्म भरे जा रहे हैं, वे संशोधित हो चुके हैं। जिन फार्मों पर सीएम की फोटो है, वे मान्य नहीं हैं। एक्सईएन सन्नी भागरा ने कहा कि सर्कुलर जारी होने के बाद सोमवार को दफ्तरों में पहला दिन था। फार्म पावरकाॅम के दफ्तरों में निशुल्क और ऑनलाइन भी उपलब्ध है। अगर कोई पैसे मांगता है तो उसकी शिकायत दफ्तर में करें।



