
जालंधर में डायमंड रिंग न मिलने पर सगाई तोड़ने के मामले में अब BSNL एसडीओ का परिवार सामने आया है। एसडीओ की मां ने कहा कि झगड़े के दिन लड़की ने ही सगाई से इन्कार किया था। उसने लड़के की पहले शादी होने की वजह से ऐसा किया। हालांकि वो पहले ही लड़की के परिवार को इसके बारे में बता चुके थे कि बेटे का पहले तलाक हो चुका है। उन पर डायमंड रिंग व गहने न मिलने की वजह से सगाई तोड़ने के आरोप झूठे हैं।
लड़के की मां हरदीप ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। दोनों ही सरकारी जॉब (छोटा बीएसएनएल में एसडीओ व बड़ा पावरकॉम में एक्सईएन) में हैं। छोटे बेटे की 12 साल पहले शादी हुई थी। करीब 6 महीने पहले कोर्ट के जरिए उसका तलाक हो गया। जिसके बाद पत्नी उसके दो बेटों को भी अपने साथ ले गई। बेटे की उम्र 42 साल है। जिसके लिए यह रिश्ता किया था।
विचौलिए के जरिए हुआ था रिश्ता, 3 मीटिंग में तलाक के ऑर्डर भी दिखाए
अगस्त 2021 में उन्होंने विचौलिए के जरिए सैनिक विहार रामा मंडी की रहने वाली लड़की से रिश्ता तय किया। लड़की 37 साल की है। रिश्ते के दौरान लड़की पक्ष के साथ उनकी 3 बार मीटिंग हुई। लड़के के पहले शादीशुदा होने के बारे में वो पहले ही बता चुके थे। लड़की पक्ष को तलाक के कोर्ट ऑर्डर भी दिखाए गए। उस वक्त लड़की पक्ष के किसी सदस्य ने पहली शादी को लेकर कोई एतराज नहीं जताया। सभी ने रिश्ते के लिए हां कर कर दी।
लड़की पक्ष के ज्यादा लोग थे, हमने लड़की के इन्कार करने को गलत बताया
इसके बाद 5 सितंबर को जालंधर-फगवाड़ा रोड पर रिंग सेरेमनी तय हुई। सगाई के दिन वह दोनों बेटे, बड़े बेटे की सरकारी जॉब वाली पत्नी, बहन, उसके दो बेटे व बड़े लड़के के दो बच्चे समेत 9 सदस्य शामिल हुए। लड़की के परिवार से वहां 34-35 लोग मौजूद थे। अभी सगाई की रस्म शुरु होनी ही थी कि लड़की के परिवार वाले कहने लगे कि उनके बेटे की दूसरी शादी होने की वजह से लड़की ने सगाई से मना कर दिया है। लड़की परिवार को यह बात पहले ही बताई जा चुकी थी। इसी वजह से उन्होंने एतराज को गलत ठहराते हुए लड़की को समझाने को कहा ताकि सगाई की रस्म शुरु की जा सके।
लड़की पक्ष वालों ने की हमसे मारपीट, फिर पुलिस को झूठी शिकायत दी
इसके बावजूद लड़की वालों ने हमारी कोई बात नहीं सुनी और बहस करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। बालों से पकड़कर घसीटा गया। जिससे बड़े बेटे का हाथ जख्मी हो गया। लोहे की राड मारकर उनकी कार के शीशे तोड़े गए। वह सिविल अस्पताल गए। वहां इलाज व मेडिको लीगल रिपोर्ट बनवाने के बाद थाना जालंधर कैंट पहुंचे। वहां पहुंचकर पता चला कि लड़की वालों ने पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है।
आरोपों से हैरान हैं परिवार, अब दोनों बेटों को सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे
लड़के की मां हरदीप ने कहा कि उनका परिवार यह सुनकर हैरान रह गया कि उन पर डायमंड रिंग, सोने का कड़ा व बालियां मांगने के आरोप लगे हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। उलटा लड़के के तलाकशुदा होने के बारे में पता होने के बावजूद उनके साथ गलत किया गया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें धमकाया जा रहा है कि लड़के व उसके भाई के खिलाफ फ्रॉड का केस दर्ज करवाकर उन्हें सस्पेंड कराएंगे। इसलिए उन्होंने पुलिस को अपना पूरा पक्ष बता दिया है।

लड़की पक्ष ने लगाए थे झूठ बोलने, डायमंड रिंग मांगने व मारपीट के आरोप
रिंग सेरेमनी के दिन हुए इस झगड़े के बाद लड़की पक्ष ने आरोप लगाए थे कि बीएसएनएल में एसडीओ लड़का व उसके पावरकॉम में एक्सईएन भाई ने उनके साथ मारपीट की। उनसे ऐन मौके पर डायमंड रिंग, सोने का कड़ा, सोने की बालियां मांगी गई और यह भी पूछा गया कि कैश कितना दोगे। इसके बाद विवाद बढ़ा तो बिचौलिए ने ही पोल खोली कि लड़का पहले से शादीशुदा है।
उन्हें पहले इसके बारे में नहीं बताया गया था। जिस वजह से लड़के वालों ने लड़की व उनके परिजनों से मारपीट की और वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई न की तो लड़की व उसके परिजनों ने जालंधर कैंट थाने में धरना भी दिया। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।



