हाईप्रोफाइल ड्राम:माॅडल टाउन मार्केट में इंटरलाॅकिंग टाइलें लगाने पर कौंसलर रोहन सहगल और कौंसलर अरुणा अरोड़ा के बीच विवाद, काम रुकवाया

माॅडल टाउन मार्केट में सड़क के किनारे इंटरलाॅकिंग टाइलें लगाने को लेकर कांग्रेस के दो हाईप्रोफाइल कौंसलर आपस में उलझ गए हैं। माॅडल टाउन मार्केट का एक हिस्सा वार्ड-26 में आता है, जिसके कौंसलर रोहन सहगल हैं अौर दूसरा हिस्सा वार्ड-27 में पड़ता है, जिसकी कौंसलर अरुणा अरोड़ा हैं। अरुणा अरोड़ा जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन मनोज अरोड़ा की धर्मपत्नी हैं और रोहन सहगल विधायक परगट सिंह के बेहद करीबी हैं।
शुक्रवार को रोहन सहगल ने कहा कि उन्होंने मार्केट में खड़े होने वाले बरसाती पानी की दिक्कत दूर करने को पहले रोड गलियां बनवाई हैं। बेशक ये इलाका कौंसलर अरुणा अरोड़ा का है, लेकिन वे दुकानदारों की दिक्कत दूर करना चाहते थे। इन दिनों इसी जगह इंटरलाॅकिंग टाइलें लगाने का काम चल रहा था कि कौंसलर अरोड़ा ने उसे रुकवा दिया है। अब वे काम चालू करवाने के लिए निगम कमिश्नर करणेश शर्मा के पास जाएंगे।
निगरान इंजीनियर 6 दिन से काम नहीं करवा रहे : रोहन सहगल
कौंसलर रोहन सहगल ने आरोप लगाया कि निगम के निगरान इंजीनियर रजनीश डोगरा इंटरलाॅकिंग टाइलों का पिछले 6 दिन से काम नहीं करवा रहे हैं। माॅडल टाउन मार्केट का एक हिस्सा पड़ोसी वार्ड-27 में अाता है और लंबे समय से वहां पानी जमा हो रहा है। वहां ग्राहकों व दुकानदारों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने सालाना 10 लाख रुपए के मेंटेनेंस फंड में से उक्त काम शुरू करवाया है, लेकिन कौंसलर अरुणा ने उनके वार्ड में काम बंद करवा दिया। रोहन ने कहा कि वे किसी प्रकार की माइलेज नहीं चाहते। निगरान इंजीनियर डोगरा ने कौंसलर अरोड़ा द्वारा काम रुकवाने की बात रही है। अब वे मामला निगम कमिश्नर करणेश शर्मा के सामने रखेंगे कि निगरान इंजीनियर ने काम कैसे रोक दिया।
आधिकारिक सूचना नहीं मिली, विकास पर एतराज नहीं : अरोड़ा
जिस जगह पर इंटरलाॅकिंग टाइलें लगाई जा रही हैं, उस इलाके में मैंने स्टाफ को कहा था कि काम सड़क के बीच से नहीं, बल्कि एक सिरे से शुरू करें। मुझे बताया गया था कि यहां पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटरलाॅकिंग टाइलें लगाई जानी हैं। सड़क के बीच अचानक टाइलें लगाने की उन्हें आधिकारिक जानकारी नहीं थी। दूसरी बात यह है कि पहले ही माॅडल टाउन मार्केट में मेरे वार्ड में कैप्सन शोरूम से लेकर 35 लाख की लागत से इंटरलाॅकिंग टाइलों का काम मंजूर हो चुका है। पहले भी रोहन ने रोड गलियां बनवाई थीं, तब भी मुझे कोई एेतराज नहीं रहा क्योंकि मेरे वार्ड का विकास हो रहा था। अब भी काम रुकवाया नहीं, एक सिरे से शुरू करने के लिए कहा था।
नियम यह है
हर कौंसलर को सालाना 10 लाख रुपए की ग्रांट अपने वार्ड में मेंटेनेंस वर्क के लिए मिलती है। रोहन सहगल इस कोटे से खर्च एडजस्ट करवाकर काम करवा रहे थे, क्योंकि जिस जगह पानी जमा होता है, उससे उनके एरिया का इलाका प्रभावित है, तो काम हो करवाया जा सकता है।
जल्द ही काम पूरा कर दिया जाएगा : डोगरा
निगम के निगरान इंजीनियर रजनीश डोगराने कहा कि टाइलें लगाने का काम जल्दी शुरू करवा दिया जाएगा। काम रोकने का कारण बरसात है। बरसात के बाद काम पूरा करवाया जाएगा



