
कैंट में स्थित मिलिट्री अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट चालू कर दिया गया है। इसकी कैपेसिटी 750 एलएमपी है। कोरोना की तीसरी लहर से मरीजों को राहत देने के लिए इसे स्थापित किया गया है। वज्र कोर (पंजाब के रक्षक) द्वारा एक स्टेटिक मेडिकल ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट की खरीद की गई है। वज्र कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सी बंसी पोनप्पा ने मिलिट्री अस्पताल, जालंधर कैंट में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया।
सिटी में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 2 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि जिले में अब केवल 27 सक्रिय कोरोना संक्रमित बचे हैं। इसके अलावा राहत भरी खबर यह भी आई कि सिविल अस्पताल में कोरोना के सभी बेड खाली हो गए हैं। कोरोना वार्ड में 340 बेडों पर अब कोई मरीज दाखिल नहीं है। प्राइवेट अस्पतालों में वर्तमान में 10 मरीज हैं जबकि 17 होम आइसोलेट हैं।
अभी तक जालंधर में 63236 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि 1494 कोरोना मरीजों की जान जा चुकी है। दूसरी तरफ जालंधर में 4 सितंबर को 14000 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। इस स्टाॅक में करीब 4700 डोज कोवैक्सीन, जबकि करीब 9300 डोज कोविशील्ड की लगाई जाएगी। शुक्रवार को करीब 24,700 डोज लगाई गई।
पर्याप्त डोज होने के चलते शनिवार को भी कैंप जारी रहेंगे। डीसी घनश्याम थोरी ने शुक्रवार को बताया कि जालंधर में 97.74 फीसदी शैक्षणिक संस्थानों के स्टाफ का टीकाकरण हो चुका है। अभी तक 7520 लोगों को टीके लग चुके हैं। जालंधर शैक्षणिक संस्थानों को कवर करने में अग्रणी हैं। उधर; दूसरी डोज की पेंडेंसी कम करने के लिए हर रविवार को दूसरी डोज के कैंप लगाए जाएं।



