
लुधियाना/नूरमहल: हैबोवाल के संतोष नगर में रहने वाले एक शख्स ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी के मुंह पर गोली मारी, फिर घर से निकल कर सास की पीठ पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक्टिवा लेकर नकोदर के निकट गांव नूरमहल में पहुंच गया। जहां उसने उस युवक को गोली मारी, जिसके साथ पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इस पूरे घटनाक्रम में मां-बेटी को डी.एम.सी. अस्पताल भर्ती करवाया गया। जहां ऑप्रेशन के बाद उनकी गोली निकाल दी गई। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है जबकि नूरमहल वाले युवक के गले में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है। घायल पत्नी की पहचान जसप्रीत कौर उर्फ शिवानी (34) और उसकी मां वंदना (56) के रूप में हुई है जबकि नूरमहल के मृतक युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। थाना हैबोवाल की पुलिस ने आरोपी जसविंदर सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म एक्ट का केस दर्ज किया है। जबकि जालंधर देहाती की पुलिस ने आरोपी पर हत्या और आर्म एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।आरोपी जसविंदर सिंह जालंधर के लांबड़ा, लोहारा गेट का रहने वाला है। 15 साल पहले उसने जसप्रीत कौर उर्फ शिवानी के साथ लव-मैरिज की थी। उनके दो बच्चे, एक लड़का और एक लड़की है। जसविंदर सिटी कॉलेज में लैक्चरार था। करीब 10 महीने पहले वह जालंधर छोड़ कर लुधियाना अपने ससुराल के निकट किराए पर घर लेकर रहने लगा था। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। जिस कारण वह पत्नी के साथ झगड़ता था। सोमवार की सुबह करीब 6 बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ।

इस दौरान जसविंदर ने .32 बोर की पिस्तौल से शिवानी को गोली मार दी। गोली शिवानी के जबड़े के आर-पार हो गई। इस दौरान उसके दोनों बच्चे गोली की आवाज सुनकर उठे और बाहर आए। तब तक उसका पिता एक्टिवा पर जा चुका था। वहां से वह गोगी मार्कीट में स्थित खोखे पर गया, जहां उसने सास वंदना को गोली मार दी। एक गोली सिर पर छूकर निकल गई। जबकि दूसरी गोली पीठ पर जाकर लगी। उधर, शिवानी घायल हालत में घर से निकली और अपने मां के पास पहुंची। मगर वहां उसकी मां घायल अवस्था में पड़ी थी। इस दौरान शिवानी का भाई और पड़ोसी इकट्ठे हो गए। उन्होंने शिवानी और उसकी मां वंदना को तुरंत डी.एम.सी. अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर ज्वाइंट सी.पी. दीपक पारिक, ए.डी.सी.पी., ए.सी.पी. सहित थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को इलाके से सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज मिली है और मौके पर एक गोली का खोल मिला है।ए.डी.सी.पी. (3) लुधियाना समीर वर्मा ने कहा कि आरोपी जसविंदर पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
रोहित को जब गोली लगी उस समय वह बना रहा था चाय
आरोपी जसविंदर सिंह एक्टिवा पर नकोदर के निकट गांव नूरमहल में पहुंच गया। जहां वह रोहित के घर में गया। उसके घर का दरवाजा खुला था। उस वक्त रोहित रसोई में चाय बना रहा था। जसविंदर रसोई में पहुंचा और रोहित पर दो फायर कर दिए। पहला फायर मिस हो गया जबकि दूसरी गोली रोहित के गले में जा लगी जिस कारण रोहित की मौके पर मौत हो गई।
जसविंदर के रोहित के साथ थे नजदीकी संबंध
जसविंदर पहले पत्नी और बेटी के साथ जालंधर में रहता था। बताया जा रहा है कि जसविंदर और जालंधर में रहने वाले रोहित के बीच काफी प्यार था। वह रोहित के घर अक्सर आता जाता था। वह रोहित के पिता को अपने पिता की तरह मानता था। उसे शक था कि रोहित और उसकी पत्नी शिवानी के बीच अवैध संबंध हैं। जिस कारण वह परेशान था। कुछ समय पहले ही वह जालंधर छोड़ अपने ससुराल वालों के साथ वाली गली में किराए पर रहने आया था।



