
जालंधर। समाज सेवक डॉ. करुणा सागर ने कहा कि अन्न का दान सबसे उत्तम कर्म है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में अन्न के दान देने से पुण्य फल प्राप्त होने का जिक्र किया गया है। जनमानस सेवा संगठन की तरफ से श्री महालक्ष्मी मंदिर जेल रोड में आयोजित राशन वितरण समारोह के दौरान विशेष रूप से शामिल हुए डॉ. करुणा सागर ने संस्था की गतिविधियों की सराहना की। राशन वितरण समारोह का आगाज गुरु वंदना के साथ किया गया।
इस दौरान विशेष बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए महेंद्रू बाहरी बिरादरी सभा के संरक्षक केके बाहरी ने कहा कि जो कार्य सरकार को करने होते हैं, उसे सामाजिक संस्थाओं की तरफ से अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धर्म शास्त्रों के मुताबिक नर की सेवा ही नारायण की सेवा होती है। समारोह के दौरान 35 परिवारों को राशन दिया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पंडित दर्शन लाल शर्मा ने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया। संस्था की तरफ से सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर डा. करुणा सागर, धर्म पाल पाली, संजीव शर्मा, दीपक महेंद्रू, ओपी जेतली, विजय शोरी, राजेश खेरा, खुशी राम, संजीव कुमार, राजेश जिंदल, रणजीत सिंह, आचरे राज किशोर, पं. रूपेश शास्त्री, पं. विशाल शास्त्री, पं. राजेश शास्त्री व अन्य उपस्थित थे।



