अमृतसरकपूरथला / फगवाड़ागुरदासपुरचंडीगढ़जम्मू-कश्मीरजालंधरपंजाबपटियालाफिरोज़पुरराजनीतिराष्ट्रीयलुधियानाहरियाणाहिमाचलहोशियारपुर

पंजाब के पूर्व DGP पर FIR:हेट स्पीच को लेकर केस दर्ज, मुस्तफा की सफाई- हिंदुओं नहीं, फितनों कहा था; जिनके बारे में कहा वे भी मुस्लिम

पंजाब के पूर्व DGP मुहम्मद मुस्तफा के बिगड़े बोल का मामला गरमा गया है। इसे लेकर जहां भाजपा आक्रामक है, वहीं कांग्रेस के भीतर से भी मुस्तफा को नसीहत दी जा रही हैं। विवाद बढ़ता देखकर मुस्तफा ने सफाई दी है कि उन्होंने हिंदुओं नहीं, बल्कि फितनों कहा था। फितनों का मतलब शरारती होता है। इसमें हिंदू-मुसलमान वाली कोई बात नहीं, क्योंकि जिनके बारे में वह बोल रहे थे, वे भी मुसलमान ही हैं। मुस्तफा पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के रणनीतिक सलाहकार भी हैं।

इस बीच मालेरकोटला पुलिस ने मुहम्मद मुस्तफा के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मुस्तफा की पत्नी रजिया सुल्ताना मालेरकोटला से ही कांग्रेस प्रत्याशी हैं। मुस्तफा पर दो समुदायों के बीच शत्रुता पैदा करने वाला बयान देने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मुस्तफा को गिरफ्तार किया जाएगा या नहीं? इस बारे में पंजाब पुलिस के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

प्रचार के दौरान दिया था विवादित बयान
पत्नी रजिया सुल्ताना के लिए प्रचार करने निकले मुहम्मद मुस्तफा का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वह कह रहे हैं कि अगर फितनों को उनके जलसे के बराबर इजाजत दी तो ऐसे हालात पैदा कर दूंगा कि संभालना मुश्किल हो जाएगा।

उन्होंने ये भी कहा था कि मैं अल्लाह की कसम खाकर कहता हूं, कि इनका कोई जलसा नहीं होने दूंगा। मैं कौमी फौजी हूं। मैं आरएसएस का एजेंट नहीं हूं, जो डर कर घर में घुस जाऊंगा। अगर दोबारा इन्होंने ऐसी हरकत की तो खुदा की कसम घर में घुसकर मारूंगा। आज मैं सिर्फ वार्निंग दे रहा हूं। मैं वोटों के लिए नहीं लड़ रहा। मैं कौम के लिए लड़ रहा हूं।

भाजपा प्रवक्ता को दिया मुस्तफा ने जवाब
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मुस्तफा का वीडियो पोस्ट कर सीधे कांग्रेस हाईकमान से जवाब मांगा। इस पर मुहम्मद मुस्तफा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे हर बात में हिंदू-मुसलमान न करें। मैंने फितनों शब्द का इस्तेमाल किया, जिसका हमारे समाज में आम इस्तेमाल होता है। इसमें कोई हिंदू-मुसलमान वाली बात नहीं है। मेरी नाराजगी उन झाड़ू वालों पर थी, जो शरारत कर रहे थे।

मुस्तफा ने कहा कि मुझे किसी से राष्ट्रवादी होने के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। मैं लंबे समय से देश के दुश्मनों और पंजाब में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों से लड़ता रहा हूं।

कांग्रेस सांसद बिट्‌टू बोले- माफी मांगें मुस्तफा
लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्‌टू ने मुस्तफा का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि पंजाब के पूर्व DGP और एक कांग्रेस वर्कर के एटीट्यूड और भाषा से झटका लगा है। पंजाब धार्मिक सौहार्द का सबसे बढ़िया उदाहरण है। यहां सिख, हिंदू, ईसाई और मुस्लिम एक समुदाय की तरह रहते हैं।

मुस्तफा के शब्द न केवल सांप्रदायिक सौहार्द के लिए नुकसानदेह हैं, बल्कि कांग्रेस के सेक्युलर आदर्श के उलट हैं। हिंसा के इस उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कोई भी चुनाव पंजाब की शांति से बड़ा नहीं है। मुस्तफा को खुद इस बारे में माफी मांगनी चाहिए।

गृहमंत्री ने इशारों में दी नसीहत
पंजाब के गृहमंत्री सुखजिंदर रंधावा ने मुस्तफा को लेकर सीधे कोई बात नहीं की। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पंजाब एक सेक्युलर राज्य है और यह सभी धर्मों का है।

सिद्धू बोले- पंजाब गुरुओं की शिक्षा पर जीता है
इस मामले में पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू ने भी सीधा कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब का बच्चा-बच्चा न हिंदू है और न मुसलमान, वह गुरुओं की शिक्षा पर जीते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है।

पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश
आम आदमी पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्‌ढा ने कहा कि पंजाब को धर्म के नाम पर बांटने और माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। एक धर्म का सहारा लेकर समाज में दरार डालने की कोशिश की जा रही है।

बादल बोले- हार देख बौखलाई कांग्रेस
अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई तो कांग्रेस घबरा गई है। इस वजह से ऐसी कोशिश की जा रही है।

भाजपा ने कहा- राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दें जवाब
भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी और पंजाब महासचिव सुभाष शर्मा ने पूछा कि क्या यही कांग्रेस का सेक्युलरिज्म है। ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। कांग्रेस पंजाब में दंगे कराने पर क्यों आमादा हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को इसका जवाब देना चाहिए। भाजपा ने इस मामले में चुनाव आयोग को शिकायत की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page