
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के घर पर कृषि कानूनों के खिलाफ लगाया गया झंडा आखिरकार उतर ही गया। अमृतसर के होली सिटी स्थित घर की छत पर इसे नवजोत सिंह सिद्धू की बेटी राबिया सिद्धू ने लगाया था। अब जब बिल वापस हो गए हैं तो राबिया ने इसे खुद उतार भी दिया है। गौरतलब है कि राबिया कुछ समय से राजनीति में एक्टिव हो रही हैं। वे नवजोत सिंह सिद्धू के क्षेत्र में भी दो बार जा चुकी हैं और लोग उनके बोलने के तरीके को पसंद भी करते हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू ने अमृतसर और पटियाला दोनों निवासों पर एक साथ कृषि कानूनों के खिलाफ काला झंडा लगाया था। पटियाला में उन्होंने यह खुद तो अमृतसर में उनकी बेटी ने झंडा लगा कर किसानों के हक में आवाज उठाई थी। अब जब तीनों बिल वापस ले लिए गए हैं तो राबिया ने होली सिटी स्थित अपने घर की छत से यह झंडा भी उतार दिया है। राबिया ने कहा है कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व जैसे अच्छे दिन पर किसानों की जीत हुई है। जिसके चलते इस काले झंडे को वह अपनी छत से उतार रही हैं।
राजनीति में सक्रिय हो रही हैं राबिया
नवजोत सिंह सिद्धू की गैरहाजिरी में उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ही अमृतसर ईस्ट हलके का दौरा किया करती थीं, लेकिन पिछले माह दो बार राबिया ने पिता नवजोत सिंह सिद्धू की कमी को दूर किया और खुद वेरका पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने नए कामों की शुरुआत भी की और इलाकावासियों से बातचीत भी की।



