नामांकन पत्र दाखिल करने आए भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र महे को किसानों ने घेरा, जानें क्या है मामला

जालंधर : राज्य में चुनावों के दौरान डी.सी. आफिस अपना नामांकन दाखिल करने आए करतारपुर से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मेयर सुरेंद्र महे को आज किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। सुरेंद्र महे जब आज अपना नामांकन भरने के लिए दफ्तर में आए तो उन्हें किसानों ने घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों के विरोध को देखते स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। इतना ही नहीं किसान चुनाव अधिकारी के कमरे तक जा पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों ने जिला चुनाव अधिकारी के दफ्तर के बाहर जाम लगा दिया।
जिक्रयोग्य है कि किसानों का गुस्सा अभी तक भाजपा सरकार के प्रति पनप रहा है। केंद्र सरकार की ओर से भले ही कृषि कानूनों को वापस ले लिया गया है, लेकिन किसानों में अभी भी भाजपा सरकार के प्रति गुस्सा पनप रहा है। इसी के चलते किसानों ने आज नामांकन पत्र भरने आए करतारपुर से भाजपा प्रत्याशी और जालंधर के पूर्व मेयर सुरिंदर महे का विरोध करते हुए उनका घेराव किया और नारेबाजी की। पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए महे को सुरक्षा ले लिया।
कांग्रेस ने भेजे थे भाड़े के टट्टू
करतारपुर से भाजपा के प्रत्याशी एवं नगर निगम के पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह महे ने कहा कि विरोध करने वाले किसान नहीं थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने अपने डर को देखते हुए शोर शराबा करने के लिए किराये के टट्टू भेजो हुए थे। उन्होंने सुरिंदर चौधरी का नाम लेते हुए सरेआम आरोप जड़ा कि यह काम उन्होंने करवाया है।
वह उनकी जीत को देखकर घबराए हुए हैं। इसलिए एसी घटिया राजनीति कर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की सारी मांगे मान ली हैं। किसानों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है और वह आज की तारीख में प्रधानमंत्री और भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले किसी भी सूरत में किसान नहीं हो सकते। किसानों के भेष में कांग्रेस ने अपने गुंडे भेजे हुए थे। उन्होंने कहा कांग्रेस जो मर्जी हथकंडे अपना ले लेकिन वह डरने या भागने वाले नहीं हैं बल्कि डटकर मुकाबला करने वालों में से हैं।