
पंजाब में कांग्रेस का CM चेहरा बनाए जाने के बाद चरणजीत चन्नी नई सरकार बनाने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान ही वह उम्मीदवारों को पद तक बांटने लगे हैं। सीएम चन्नी ने डेरा बाबा नानक और खडूर साहिब,जालंधर में प्रचार किया। चन्नी ने डेरा बाबा नानक में सुखजिंदर रंधावा के दोबारा डिप्टी CM बनाने की बात कही। इसके अलावा वह खडूर साहिब व जालंधर पहुंचे तो वहां से उम्मीदवार रमनजीत सिक्की व जालंधर के राजिंदर बेरी को मंत्री बनाने की बात कह दी।

विरोधियों के MLA चुनोगे, रंधावा डिप्टी CM
डेरा बाबा नानक में चन्नी ने सुखजिंदर रंधावा के जमकर कसीदे पढ़े। चन्नी ने कहा कि अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को वोट दिया तो सिर्फ MLA चुनोगे। अगर सुखजिंदर रंधावा को जिताया तो डिप्टी CM चुनोगे। चन्नी ने अकाली दिग्गज बिक्रम मजीठिया पर ड्रग्स केस दर्ज करने के मामले में भी रंधावा की जमकर तारीफ की।

सिक्की 2 बार MLA, इस बार बनेंगे मंत्री
खडूर साहिब व जालंधर पहुंचकर CM चन्नी ने कहा कि रमनजीत सिक्की को 2 बार विधायक बन चुके हैं।चन्नी ने कहा कि मैंने अपने क्षेत्र में जाकर कहा कि अब तो मुझे कांग्रेस ने चेहरा बना दिया है। आपको अब मुख्यमंत्री को वोट डालनी है। आपको मुख्यमंत्री चुनना है। खडूर साहिब जालंधर में भी लोगों को MLA नहीं मंत्री चुनना है।
सिद्धू को पटखनी देने के बाद जोश में चन्नी
कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर बड़ी जंग चली। जिसमें नवजोत सिद्धू और चरणजीत चन्नी मुख्य चेहरे थे। अब कांग्रेस हाईकमान की बदौलत चन्नी ने सिद्धू को पटखनी दे दी। सिद्धू को दरकिनार कर कांग्रेस ने चन्नी को CM चेहरा बना दिया। जिसके बाद चन्नी पूरे जोश से प्रचार में लग गए हैं। सिद्धू ने प्रचार से दूरी बना ली है और चन्नी ने पूरे राज्य में प्रचार की कमान संभाल ली है।



