
डेरा बाबा मुरादशाह दरबार, नकोदर में दो दिवसीय मेला शुक्रवार को श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। वीरवार को मेले के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का दरबार मे पहुंच नतमस्तक होने का सिलसिला शुरू हो गया, जो शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को मेले में गायक मास्टर सलीम और गुरदास मान ने हाजिरी लगाई।
दरबार में वीरवार रात को करामत अली मालेरकोटला वाले व अन्यों ने हाजिरी लगवाई। वहीं शुक्रवार सुबह पंजाबी गायकों नूरा सिस्टर, अफसाना खान, लखविदर वडाली, सरदार अली व मास्टर सलीम ने दरबार में हाजिरी लगवाई। इसके बाद इंतजार में बैठी संगत से ट्रस्ट के चेयरमैन व प्रसिद्ध गायक गुरदास मान रूबरू हुए और अपने गीतों से समा बांधा। मेले में जहां पुलिस प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं अलग-अलग स्टाल भी लगाए गए थे। प्रबंधकों ने संगत के लिए ठंडे पानी व लंगर का प्रबंध किया था। मेले में शहर से आने वाले ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। दरबार के सेवादारों ने संगत की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए थे। इस दौरान कोविड-19 के संबंध में संगत को विशेष हिदायतें दी गई।



