
किसान आंदोलन के कारण 10 माह से पंजाब के 25 टोल प्लाजा बंद हैं। इसमें सबसे ज्यादा कमाई एनएचएआई को लाडोवाल टोल प्लाजा पर होती थी। टोल प्लाजा बंद होने के बावजूद एनएचएआई ने टोल टैक्स के रेट में इजाफा किया है यानी किसान आंदोलन खत्म होते ही टोल नई दरों से वसूला जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों का कहना है कि टाेल के रेट में एग्रीमेंट के हिसाब से हर साल बढ़ोतरी की जाती है। कार, जीप व वैन के साथ हैवी व्हीकल्स की फीस में 5 रुपए से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। टोल बंद होने के कारण लोगों को तो फायदा हुआ है, लेकिन एनएचएआई को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
अक्टूबर 2020 में लाडोवाल टोल और दिसंबर 2020 में घरौंडा का टोल हो गया था बंद
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर, 2020 में लाडोवाल टोल प्लाजा और फिर करनाल के घरौंडा मे स्थित टोल प्लाजा को दिसंबर, 2020 में किसानों ने बंद करवा दिया था। 10 महीने से बंद पड़े टोल प्लाजा के कारण एनएचएअाई को केवल पंजाब में ही 800 करोड़ रुपए के करीब का नुकसान हुआ है। टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारी बेरोजगार हो गए। जिन प्राइवेट कंपनियों के पास ठेका है, वे भी अब केंद्र सरकार से गुहार लगा रही हैं कि टोल चालू करवाए जाएं। कंप्यूटर व अन्य सामान खराब हो रहा है।
महीनावार पास के रेट में भी इजाफा, जल्द नए रेट आएंगे
जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा है, उनसे अप और डाउन के दौरान डबल टोल वसूलने का नियम है। एनएचएआई ने मंथली पास के रेट भी बढ़ाए हैं, जिसका असर माल-भाड़े पर भी पड़ सकता है। हैवी व्हीकल्स के वजन को लेकर भी एनएचएआई ने नई गाइडलाइंस व रेट जारी किए हैं। जल्द ही नए रेट लागू किए जाएंगे। पहले पंजाब में टोल प्लाजा की देखरेख सोमा कंपनी के जिम्मे थी, लेकिन अब एनएचएआई खुद कर रही है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अंबाला वरिंदर शर्मा ने कहा कि टोल के रेट हर साल ही बढ़ते हैं। वर्तमान में पंजाब के सभी टोल बंद हैं। देखा जाए तो ये मामूली बढ़ोतरी है।
2020 में लाडोवाल टोल प्लाजा पर टोल टैक्स का रेट
वाहन वन साइड अप और डाउन महीनेवार पास
कार, जीप, वैन 130 190 3905 रुपए
एलसीवी 230 345 6685 रुपए
ट्रक, बस 46 690 13775 रुपए
एमएवी 740 1105 22135 रुपए
इसी माह हरियाणा के दो टोल प्लाजा के रेट भी बढ़े
एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि टोल प्लाजा के दाम मामूली तौर पर बढ़ाए गए हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे अथऑरिटी ने सितंबर, 2021 से हरियाणा के दो और पंजाब के टोल प्लाजा पर टोल की दरों में बढ़ोतरी की गई है।



