जालंधर में हिमाचल के 2 तस्कर गिरफ्तार:कैंटर से डेढ़ क्विंटल भुक्की बरामद, जम्मू कश्मीर से सेब की पेटियों के नीचे छिपा पंजाब में करते थे सप्लाई

जालंधर में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनसे कैंटर में लाई जा रही डेढ़ क्विंटल भुक्की बरामद की गई है। तस्कर सेब की पेटियों के नीचे छिपाकर यह भुक्की ला रहे थे। पुलिस ने भुक्की और कैंटर को जब्त कर तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी तस्कर पंजाब में इसकी सप्लाई करते थे। जब उनकी गिरफ्तारी हुई तो वो कैंटर समेत ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। तस्करों से पूछताछ के बाद उनके नेटवर्क के बारे में सुराग लगाया जा रहा है।
नाकाबंदी के दौरान मिली सूचना
करतारपुर के डीएसपी सुखपाल सिंह ने बताया कि मकसूदां थाने के SHO सब इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने अड्डा नूरपुर में नाकाबंदी कर रखी थी। वहां उन्हें सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गांव औंद के रहने वाले बिट्टूदीन और आलमदीन पंजाब में भुक्की तस्करी करते हैं। वह जम्मू कश्मीर से कैंटर नंबर HR 38E9890 में भुक्की लादकर लाए हैं। यह भुक्की सेब की पेटियों के नीचे छिपाई गई है। भुक्की सप्लाई के लिए वह राऊवाली में खड़े होकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस टीम ने रेड कर काबू किए तस्कर
सूचना पुख्ता होने पर पुलिस की टीम ने तुरंत वहां रेड की। पुलिस को कैंटर और आरोपी तस्कर वहां मिल गए। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर दोनों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद डीएसपी सुखपाल सिंह को मौके पर बुलाया गया। जिनकी मौजूदगी में कैंटर की तलाशी ली गई।
सेब की पेटियों के नीचे रखी थी भुक्की की बोरियां
पुलिस ने कैंटर से सेब की पेटियां उतारीं। उनके नीचे पुलिस को बोरियां मिली। उन्हें खोलकर चैक किया गया तो अंदर भुक्की भरी हुई थी। पुलिस ने 25-25 किलो की 5 बोरी भुक्की को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी नेटवर्क के अहम सुराग मिले, जल्द साथी भी पकड़े जाएंगे : DSP
डीएसपी सुखपाल सिंह ने कहा कि दोनों तस्करों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। उन्हें जम्मू कश्मीर से भुक्की कौन देता है और यहां कौन सप्लाई लेता है, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। उनके तस्करी नेटवर्क के बारे में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही इनके बाकी साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।



