जालंधर में पुलिस कस्टडी से हथकड़ी समेत भागा चोर:रेड से लौटते वक्त छाती पर हाथ रख बोला: घबराहट हो रही, पानी पिला दो; एएसआई नीचे उतरा तो धक्का दे दिया, महिला सब इंस्पेक्टर समेत 4 पर केस

जालंधर में पुलिस हिरासत से चोरी का आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस ने उसे कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया था। जिसके बाद उसे साथ ले जाकर पुलिस ने चोरी की बाइक को रिकवर करने के लिए रेड की। वापसी में उसने घबराहट का बहाना बनाया। एएसआई जब पानी पिलाने नीचे उतरा तो वो साथ लगते गन्ने व धान के खेतों से भाग निकला। पुलिस ने अब इस मामले में लापरवाही बरतने पर महिला सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हेड कांस्टेबल व फरार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्राइवेट कार में गए थे रेड करने
सब इंस्पेक्टर सीमा एएसआई नरिंदर सिंह, हेड कांस्टेबल शिंगारा सिंह प्राइवेट गाड़ी में चोरी के आरोप मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी प्रतापपुरा को ले गए थे। गाड़ी प्राइवेट व्यक्ति लखवीर सिंह उर्फ मंगा चला रहा था। आरोपी मनप्रीत सिंह पुलिस के पास एक दिन के रिमांड पर था। यह टीम उसे चोरी की बाइक बरामद करवाने के लिए ले गई थी। उन्होंने बाइक बरामदगी के लिए लल्लियां कलां निवासी जतिंदर सिंह उर्फ मोनू के घर रेड की।
एएसआई पिछली सीट से पानी उठाने लगा तो धक्का देकर भाग निकला
रेड के बाद वो मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को वापस थाना लांबड़ा लेकर आ रहे थे। जब वह रात करीब साढ़े 7 बजे रामपुर लल्लियां चौक पर पहुंचे तो आरोपी मनी ने अपनी छाती पर हाथ रख लिया। वह कहने लगा कि उसे बहुत घबराहट हो रही है। मुझे पानी पिलाओ। यह सुनकर एएसआई नरिंदर सिंह अगली सीट से उतरा और पानी निकालने के लिए पिछली सीट का दरवाजा खोला। इतने में मौका देख मनप्रीत मनी एएसआई को धक्का दिया और हथकड़ी समेत बाहर निकलकर फरार हो गया।
अंधेरे में खेत छानती रही पुलिस, नहीं मिला आरोपी
इसके बाद पुलिस की टीम ने उसका पीछा करने की कोशिश की लेकिन रात हो चुकी थी। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मनी धान व गन्ने के खेतों से भाग निकला। इसके बाद पुलिस पार्टी ने तुरंत थाने में सूचना दी। जिसके बाद एसएचओ सुखदेव सिंह पुलिस फोर्स लेकर वहां पहुंचे लेकिन लेकिन आरोपी काबू नहीं आया।
गैस सिलेंडर चोरी कर भागा था आरोपी, उसी बाइक की थी पुलिस को तलाश
आरोपी मनप्रीत मनी के खिलाफ लांबड़ा आबादी की रहने वाली पिंकी बाघा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने कहा था कि उसने घर के आंगन में गैस सिलेंडर व उसकी कॉपी रखी थी। वह इंतजार कर रही थी कि गैस वाला आएगा तो सिलेंडर भरवा लेगी। वह रसोई में काम करने गई तो आरोपी मनप्रीत मनी गैस सिलेंडर लेकर भाग निकला। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चैक की तो आरोपी उसमें नजर आ गया। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। अब पुलिस उससे चोरी में इस्तेमाल हुई बाइक की रिकवरी करने के लिए गई थी।





