
भाजपा जॉइन करने के बाद दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने बुधवार को जालंधर में भाजपा प्रत्याशी का प्रचार किया। खली ने नॉर्थ हलके में पूर्व सीपीएस केडी भंडारी का प्रचार किया। इलाके में खली को देखने के लिए काफी हुजूम उमड़ा हुआ था।
खली ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि आज पंजाब का युवा यहां पर पढ़ने-लिखने के बाद विदेश जा रहा है। उन्हें यहां पर रोजगार नहीं मिल रहा है। जो यहां रह जाते हैं वह बेरोजगारी में नशे की लत में पढ़ रहे हैं। पंजाब में बहुत सारे परिवार नशे को कारण बर्बाद हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब जालंधर खेल के लिए जाना था। आज कोई अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी ही नहीं निकल रहा है। खेल के क्षेत्र में आज हमसे आगे हरियाणा निकल गया है। वहां पर खिलाड़ियों को पूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। जबकि पंजाब पिछड़ता जा रहा है।
खली ने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर खेल पर जोर दिया जाएगा। युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को यहां पर रोजगार मिलेगा, खेल के क्षेत्र में युवा आएंगे तो उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगेगी। इससे पंजाब नशे के कलंक से भी निजात पा लेगा। ऐसा सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। उनका भाजपा में आने का राज भी यही है कि भाजपा नशे के खिलाफ है।
अब तो अपनों ने ही कह दिया हेनरी के लोगों ने की थी नशे की शुरूआत
जालंधर नॉर्थ से भाजपा के प्रत्याशी केडी भंडारी ने सीधा-सीधा कहा कि यदि अपने बच्चों को नशे दलदल में धकेलना है, उन्हें गुंडा तत्व बनाना है तो वह बेशक कांग्रेस को वोट डाल सकते हैं। यदि वह इन सब अराजक गतिविधियों से निजात चाहते हैं तो भाजपा का चुनाव करें।
उन्होंने कहा कि अब तो हम ही नहीं बल्कि कांग्रेस के अपनों ने ही इस बात पर मुहर लगा दी है कि प्रदेश में नशे की शुरुआत हेनरी के लोगों ने की थी। उन्होंने राणा गुरजीत सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि राणा गुरजीत ने खुद बयान दिया था हेनरी के इलाके में नशा बिकता है और उनकी शह पर बिकता है।
भंडारी ने कहा कि नार्थ में गुंडागर्दी इस कद्र बढ़ चुकी है कि कई हत्याएं दिनदहाड़े हो चुकी हैं। उन्होंने जिन लोगों के मर्डर हुए उनके नाम भी गिनाए। जैसे उन्होंने अपने पिछले शासन में क्षेत्र से गुंडागर्दी खत्म कर दी थी इस बार यदि लोगों का साथ मिला तो इसका समूल विनाश करके ही दम लेंगे।



