जालंधरपंजाबराजनीति

चन्नी का सैंट्रल हल्के से वादा : बेरी को आप विधायक बनाओ इन्हें मंत्री वह स्वयं बनाएंगे

करीब साढ़े पांच घंटे देरी से जालंधर में पहुंचे चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने 111 दिन की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि हमारी सरकार ने सभी वर्गों को राहत दी है। बिजली का बिल कम आ रहा है, बिजली के रेट तीन रुपये कम किए हैं। पानी का बिल माफ किया है, सीवरेज के बिल माफ किए हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब में पेट्रोल डीजल पर सब्सिडी देकर राहत दी है। इसके अलावा धार्मिक संस्थानों को भी प्रफुल्लित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि जालंधर में गुरु रविदास जी की बाणी पर रिसर्च के लिए अध्ययन केंद्र बनाया जा रहा है। गीता पर शोध के लिए पटियाला में अध्ययन केंद्र बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनका फोकस मुख्यतः दो चीजों पर है एक शिक्षा और दूसरा हेल्थ। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अपनी एजुकेशन पालिसी बनाई है। शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में सभी को बीमा कवर देंगे। ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज के लिए इधर उधर न भटके और कहीं पर भी सरकारी या निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज करवा सके।

आम आदमी पार्टी लोटुओं का टोला

चन्नी ने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि आम आदमी पार्टी नहीं यह लोटुओं का टोला है। इनका सरगना दिल्ली में बैठा अरविंद केजरीवाल है। वह दिल्ली में बैठकर पंजाब में शासन करना चाहता है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति दूसरे दल में होता है तो इनकी नजर में बुरा होता है। जब वह आपस में शामिल हो जाता है तो वह दूध से धुला हुआ खरा बन जाता है। उन्होंने देर से आने के लिए माफी मांगी और कहा कि इस वक्त भगवंत मान टल्ली होता है। वह कहीं नहीं आ-जा सकता। हम तो रात को भी जाग-जाग कर काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भी भाजपा का ही एक विंग है। उनके कहने पर ही आप काम कर रही है। दरअसल भाजपा को पता है कि वह एक भी सीट नहीं जीत पाएगी और ऐसे में वह चाहती है कि किसी तरीके आप वाले तीस पैंतीस सीटें निकाल कर ले जाएं। ताकि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया जा सके। इसलिए भाजपा पंजाब में आप को हल्लाशेरी दे रही है।

उन्होंने कहा कि आप कोई नई पार्टी नहीं है। बल्कि पुरानी पार्टी है। इसमें सारे नेता अकाली दल, कांग्रेस भाजपा से गए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह अपने आप को भगत सिंह से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आज भगत सिंह होता तो सबसे पहले गोली इन्हें ही मारता।

बेरी से साथ परगट और सांसद चौधरी भी थे मौजूद

रामामंडी में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चन्नी के साथ विधायक राजिंदर बेरी, जालंधर कैंट से विधायक एवं मंत्री परगट और सांसद चौधरी संतोख सिंह और जिला प्रधान बलराज ठाकुर भी थे। चन्नी से लोगों से अपील की कि उन्होंने उनका 111 दिन का कार्यकाल तो देखा ही है। अब उन्हें एक बार पूरा मौका दें। उन्होंने लोगों से वादा किया कि बेरी को आप विधायक बनाओ इन्हें मंत्री वह स्वयं बनाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page