चंडीगढ़जालंधरपंजाबराजनीतिराष्ट्रीयलुधियानाहरियाणाहिमाचलहोशियारपुर

आप और कैप्टन पर भड़कीं प्रियंका गांधी:नाम लिए बिना बोलीं- सांठगांठ थी, जो सामने आ गई, इसलिए सरकार बदलनी पड़ी, नई राजनीति लानी पड़ी

कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टी का प्रचार करने रविवार को पंजाब पहुंचीं। यहां सबसे पहले उन्होंने कोटकपूरा में ‘नवी सोच नवा पंजाब’ रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने न आम आदमी पार्टी को बख्शा और न ही भाजपा को। कैप्टन अमरिंदर के खिलाफ भी वे बिना नाम लिए बोलीं।

आप को आरएसएस की पार्टी बताया
प्रियंका गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आरएसएस से निकली है। केजरीवाल बस आम आदमी का नारा देते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि उन्होंने आम आदमी के लिए किया क्या। दिल्ली मॉडल और गुजरात मॉडल में कोई असमानता नहीं है। दोनों सिर्फ विज्ञापनों में दिखे। दिल्ली में सिर्फ शिक्षा और स्वास्थ्य कोई काम नहीं हुआ।

कोटकपूरा में रैली से पहले पत्रकारों से बात करतीं प्रियंका गांधी।
कोटकपूरा में रैली से पहले पत्रकारों से बात करतीं प्रियंका गांधी।

कैप्टन का नाम लिए बिना कही बड़ी बात
प्रियंका गांधी ने कहा कि सांठगांठ चल रही थी, जो खुलकर सामने आ गई थी। इसलिए सरकार बदलनी पड़ी, नई राजनीति लानी पड़ी। वह सरकार दिल्ली से चलने लगी थी। हम समझ गए थे कि कुल गलत हो रहा है। उसे ठीक करने की कोशिश थी कि चन्नी मिल गए। वे जन समस्याओं को समझते हैं, महसूस करते हैं, तभी सुलझा पाते हैं।

पंजाब आने पर खुशी जताई
प्रियंका गांधी ने पंजाब आने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मेरी शादी पंजाबी परिवार में हुई है। मेरे बच्चों में पंजाबी खून है। मुझे पंजाबियत समझ आती है। इसलिए मैं पंजाब आकर खुशी के मारे फूली नहीं समा रही। मैं पंजाब और पंजाबी के बारे में बात करना चाहती हूं। यहां के किसानों का दम तो मैं दिल्ली में देख चुकी हूं।

कोटकपूरा में रैली मंच पर प्रियंका गांधी।
कोटकपूरा में रैली मंच पर प्रियंका गांधी।

राहुल गांधी के सवाल पर बोलीं बड़ी बात
भाई के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने शानदार जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं अपने भाई राहुल गांधी के लिए जान दे सकती हूं और वह भी मेरे लिए ऐसा कर सकते हैं। हम दोनों भाई-बहन एक दूसरे के पूरक हैं और हमेशा एक साथ ही नजर आएंगे। मौत ही जुदा कर सकती है, ऐसा रिश्ता है हमारा।

प्रियंका गांधी का पहला पंजाब दौरा

पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू और CM चरणजीत चन्नी भी प्रियंका गांधी के साथ दिखे। उन्होंने बताया कि पंजाब चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी का यह पहला दौरा है। राहुल गांधी 2 बार पंजाब आ चुके हैं। पहली बार में वह अमृतसर गए, फिर जालंधर से वर्चुअल रैली की। इसके बाद लुधियाना आकर चन्नी को CM चेहरा घोषित किया।

नवजोत सिद्धू बोले- यूथ आइकॉन
प्रियंका गांधी के आने से पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने उन्हें यूथ आइकॉन, रोल मॉडल और क्वीन ऑफ हार्ट्स कहा। बता दें कि सिद्धू को राहुल गांधी ने झटका देते हुए CM चेहरा नहीं बनाया। लेकिन प्रियंका के जरिए वह कांग्रेस हाईकमान की गुडबुक में बने रहना चाहते हैं। इसके जरिए उनका लक्ष्य पंजाब कांग्रेस में दबदबे के साथ राजनीतिक भविष्य के लिए रास्ते खुले रखने की है।

अमित शाह ने BJP के लिए मांगे वोट:कहा- नरेंद्र मोदी को लाओ, पंजाब को देश में नंबर-1 बनाओ; कैप्टन ने भी लगाया नारा- जय श्रीराम

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पंजाब आकर BJP के लिए वोट मांगे। उन्होंने कांग्रेस, आप समेत सभी विपक्षों पर निशाना साधा। साथ ही भाजपा की नीतियों के बारे में बताते हुए कहा कि पंजाब को 70 के दशक की तरह देश में नंबर-1 बनाना है तो नरेंद्र मोदी को लाना होगा। अमित शाह ने मंच से जय श्रीराम के नारे लगाए। उनके साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह भी जय श्रीराम का नारा लगाते हुए दिखे।

पंजाब को नशा मुक्त करने का दावा किया

पटियाला में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं वादा करके जाता हूं। 5 साल में पंजाब को नशा मुक्त कर दूंगा। नशे से मुक्ति न अकाली दिला सके, न कांग्रेस ऐसा कर सकती है। केजरीवाल दिल्ली के युवाओं को शराब में धुत्त करके पंजाब को नशा मुक्त करने की बात कर रहा है। 2020-2021 में देश में नशा पकड़ने का काम नरेंद्र मोदी ने किया है।

शाह ने कहा कि एनडीए की सरकार बनते ही लुधियाना, अमृतसर, पटियाला समेत चार सेल बनाए जाएंगे। नशा युवाओं का खत्म कर देता है। मन को परेशान करता है। नशे को पंजाब की भूमि से विदाई देने का समय आ गया है। यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है। प्रदेश में एनडीए और देश में एनडीए होने पर ही ऐसा होगा।

किसानों की आय बढ़ाएंगे, खेती का तरीका बदलेंगे

गृहमंत्री शाह ने कहा कि सभी लोग पंजाब के किसानों के लिए ढेर सारी बातें करते हैं। अब पंजाब के अंदर खेती के तरीके बदलने का समय भी आ गया है। दवाओं का प्रयोग करके ऐसा धान, गेहूं उगाया जा रहा है, जो हमारे शरीर को खत्म कर रहा है। किसानों की आय कम किए बगैर खेती के तरीके में बदलाव की जरुरत है। इसके लिए ही एक ऐसी सरकार चुनिए, जो केंद्र के साथ रहकर विकास कर सके। 70 के दशक में पंजाब का नाम हर वर्ग में आगे था। चाहे युवाओं की बात हो या किसानों की बात हो। मित्रों, हर क्षेत्र में पंजाब का दबदबा था।

कांग्रेस को कैप्टन से व्यवहार पर दें वोट

शाह ने कहा कि यदि पंजाब को देश में नंबर वन बनाना है तो नरेंद्र मोदी को लाना होगा। कैप्टन बहुत ही वरिष्ठ नेता हैं। जिस प्रकार का व्यवहार कांग्रेस ने कैप्टन साहब के साथ किया है, उसे देखकर ही मैं पटियाला वालों से पूछने आया हूं कि 9 में से एक भी सीट कांग्रेस को जानी जाहिए क्या। अब कांग्रेस को उसके किए का जवाब देने का समय आ गया है। मैं चन्नी साहब को देखता हूं तो कई बार लगता है कि जैसे कोई फिल्म तो नहीं देख रहा।

चन्नी कहते हैं कि यह करेंगे, वह करेंगे। उनका कोई रोड मैप ही नहीं है। सारे बिजली के कारखाने संकट में चल रहे हैं। 3 थर्मल प्लांट बंद हो गए। दो और बंद होने की कगार पर हैं। आज जो देश में 100 अपराध दर्ज होते हैं तो 49 फीसदी पंजाब के होते हैं। चन्नी साहब इसके लिए कोई कार्य योजना बताओगे क्या। केजरीवाल साहब नशे को कैसे रोकेंगे। भाजपा पंजाब के विकास का खाका लेकर आई है, जिस पर काम करके नशा जड़ से खत्म होगा।

आजादी के बाद नरेंद्र मोदी ने जितना सिखों के लिए किया है। अब तक किसी ने नहीं किया। कैप्टन साहब उस समय मुख्यमंत्री थे। जब डिमांड आई करतारपुर का कॉरिडोर शुरू होना चाहिए ताे कुछ ही समय में 120 करोड़ से इसको खुलवाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया। दरबार साहिब के लिए एफसीआरए की अनुमति भी नरेंद्र मोदी ने दिलवाई। लंगर को जीएसटी से मुक्त किया। अमृतसर को हेरिटेज व स्मार्ट सिटी का दर्जा भाजपा ने दिया।

जब अफगानिस्तान के अंदर तालिबानी आ गए थे तो सबको भय था कि अब यहां पर गुरु ग्रंथ साहिब सुरक्षित नहीं तो दिल्ली में उसे नरेंद्र मोदी ने स्थापित करवाया। इसलिए कहता हूं कि अगर पंजाब को चार चांद लगाने हैं तो नरेंद्र मोदी को लाओ, भाजपा को जिताओ। फिर देखना पंजाब देश में नंबर एक बनेगा। दुनिया पंजाब के विकास मॉडल की चर्चा करेगी। हाथ-झाड़ू की सफाई दिखाओ, कमल का फूल खिलाओ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page