जालंधर में बुजुर्ग महिला की हत्या:दोनों हाथ बंधे मिले, गला घोटने की आशंका, फौजी पति की मौत के बाद रहती थी अकेले, पुलिस बोली- लूट नहीं, ये मर्डर है

जालंधर में किसानों के भारत बंद के बीच संत विहार में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। इसका पता सुबह चला, जब महिला दूध लेने घर से बाहर नहीं आई। मौके पर पुलिस पहुंची तो महिला के हाथ बंधे हुए थे। करीब 60 साल की महिला को गला दबाकर मारा गया।पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ CCTV कैमरे की मदद भी ली जा रही है।
संत विहार में रहने वाली बलबीर कौर (60) के पति पूरण सिंह फौज में थे।रिटायर होने के बाद वो यहां रह रहे थे। करीब 7 साल पहले पति की मौत हो गई। जिसके बाद बलबीर के साथ यहां कोई रिश्तेदार नहीं रहता था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे दूधवाला आया। उसने घंटी बजाई लेकिन बलबीर बाहर नहीं निकली।उसने आवाज लगाई, तब भी कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद मोहल्ले वालों को इकट्ठा कर देखा तो अंदर उनकी लाश पड़ी थी।

डायरी खोलेगी हत्या का राज
पुलिस ने महिला के कमरे से एक डायरी बरामद की है। जिसमें कई लोगों के नंबर दर्ज हैं। महिला के साथ कौन-कौन से रिश्तेदार या परिचित जुड़े हुए थे, पुलिस डायरी में लिखे नंबरों से उनसे बात कर रही है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा उन मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन भी चेक की जा रही है। पुलिस को शक है कि उनमें से कोई व्यक्ति घटना के वक्त यहां आया हो।

सोने की चेन बैड पर मिली, लूट का सिर्फ ड्रामा
शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे लूट का मामला माना लेकिन हालात देख इससे इनकार किया है। महिला के कमरे में उनकी सोने की चेन बैड पर पड़ी हुई थी। हालांकि पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। इससे साफ है कि लूट नहीं हुई बल्कि हत्या के बाद इसे लूट के दिखाने के लिए ड्रामा रचा गया।

मामले की तफ्तीश कर रहे : DCP
DCP इनवैस्टिगेशन गुरमीत सिंह ने कहा कि घटनास्थल के हालात के हिसाब से यह सीधे तौर पर मर्डर है। जिसका केस दर्ज कर अब तफ्तीश शुरु कर दी गई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि बलबीर के घर कौन-कौन आता-जाता था। जल्द ही पूरे मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा।



