
पंजाब के जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए सीएम भगवंत मान ने जालंधर कैंट इलाके में एक मकान किराए पर लिया है। आज बुधवार को सीएम मान ने अपनी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और बेटी के साथ गृह प्रवेश किया है।
सीएम भगवंत मान पूरी सुरक्षा के बीच परिवार सहित उक्त मकान में पहुंचे और गृह प्रवेश किया। जालंधर के दीप नगर इलाके में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। जालंधर के उक्त उपचुनाव को लेकर सीएम भगवंत सिंह मान ने तैयारियां कड़ी कर दी हैं।
आपको बता दें कि सीएम मान का उक्त मकान करीब 131 मरले में बना हुआ है, जिसमें पिछले 1 महीने से डेंटिंग पेंटिंग का काम चल रहा था। पहले चर्चा थी कि सीएम मान सोमवार को गृह प्रवेश करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बुधवार शाम को सीएम मान दीप नगर पहुंचे और गृह प्रवेश किया।
2027 तक रुकने का प्लान
उनका यह नया ठिकाना केवल उप-चुनाव तक एक महीने के लिए नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक रहेगा। जानकारी के अनुसार, CM मान सप्ताह में 2 दिन इसी घर में रहेंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि इससे वह दोआबा और मांझा क्षेत्र के नेताओं और लोगों के साथ नजदीकी संपर्क में रहेंगे।
इससे सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि लोकसभा उप-चुनाव के दौरान CM मान और उनकी टीम होटलों में रुकी थी, लेकिन इस बार उप-चुनाव के लिए CM मान ने जालंधर में घर किराए पर लेने का फैसला किया है।
विधानसभा की 117 में से 92 सीटें जीती थी AAP
जालंधर वेस्ट हलके में उप चुनाव को लेकर आप ने अपना उम्मीदवार मोहिंदर भगत को बनाया है। सीएम मान उन्हीं के लिए यहां से प्रचार करेंगे। पंजाब विधानसभा में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं। पिछला चुनाव मार्च 2022 में हुआ था, जिसमें AAP को 92 और कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं। जबकि, 7 सीटें अन्य दलों के खाते में गई थीं। उस चुनाव में AAP के कई ऐसे उम्मीदवार जीते जिन्हें राजनीति का कोई अनुभव भी नहीं था।
…..
जालंधर उपचुनाव को लेकर AAP कार्यालय का उद्घाटन:मंत्री बोले- पंजाब ने भाजपा-शिअद की राजनीति को नकारा; 10 जुलाई को जनता करेगी फैसला…
पंजाब में जालंधर वेस्ट उपचुनाव के लिए आज आम आदमी पार्टी ने पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, कुलदीप सिंह धालीवाल, कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जीपा, विधायक शेरी कलसी और विधायक जसवीर सिंह राजा पहुंचे।सभी ने लोगों से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत को वोट देने की अपील की। मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा- भाजपा और अकाली दल का गठबंधन हुआ है, इसलिए दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। दोनों पार्टियां एक-दूसरे की हरकतों से वाकिफ हैं।
मंत्री जिंपा ने कहा- भाजपा ने जोड़-तोड़ करके सरकार बनाई
भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर किया है। अमन अरोड़ा ने कहा- पंजाब ने हमेशा भाजपा और अकाली दल की राजनीति को नकारा है। मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा- भाजपा ऑपरेशन लोटस करती रहती है।
केंद्र में जोड़-तोड़ करके जो सरकार बनी है, उसे अच्छे से चलाए और लोगों की सेवा करे। लेकिन ऐसा करने की बजाय भाजपा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को निशाना बना रही है। पहले ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया और फिर सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया। लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनें।
विधायक राजा ने कहा- भाजपा नफरत की कर रही है राजनीति
आदमी पार्टी के विधायक जसवीर सिंह राजा ने कहा- भगवान का शुक्र है कि अकाली दल को पता चल गया है कि भाजपा किस तरह की पार्टी है। जैसे कल केजरीवाल साहब को गिरफ्तार किया गया, यह लोकतंत्र की हत्या है। लोगों को सच्चाई का साथ देना चाहिए। ऑपरेशन लोटस को लेकर शीतल के सवालों का जवाब दोआबा के लोग देंगे। इसलिए आने वाले समय में 10 जुलाई को पता चल जाएगा कि लोग किस पार्टी का समर्थन कर रहे हैं।वहीं हिमाचल में कल पंजाबियों पर हुए हमले को लेकर राजा ने कहा- हमने सीएम सुक्खू से बात की है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। वहीं उन्होंने भाजपा सांसद कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा- भाजपा किसानों के खिलाफ है, उनकी सांसद कंगना हमेशा किसानों के खिलाफ बोलती हैं। कंगना नफरत से भरी हुई हैं। महामारी के दौरान हर बार पंजाब ने देश की मदद की है।
विधायक शेरी ने रिंकू और अंगुराल पर साधा निशाना
विधायक शेरी कलसी ने कहा- हिमाचल और पंजाब का रिश्ता नाखून और मांस का रिश्ता है। हर जगह कुछ गलत लोग होते हैं, वे माहौल खराब करते हैं। ऑपरेशन लोटस को लेकर शेरी ने कहा- अगर अकाली दल ऑपरेशन लोटस को स्वीकार कर रहा है, तो जरूर कुछ हुआ होगा।
मैं गर्व के साथ कह रहा हूं कि मुझे और मेरे साथी विधायकों को पैसे और पद के ऑफर मिले, लेकिन हमने एक भी नहीं सुनी और पार्टी के साथ काम किया। अगर ऑपरेशन लोटस इतना ही गलत था तो शीतल अंगुराल ने पहले कुछ क्यों नहीं कहा। शेरी ने कहा- पार्टी ने घर बैठे रिंकू को टिकट देकर सांसद बना दिया। लेकिन वह सम्मान नहीं दे पाए, लोगों ने उन्हें सबक सिखा दिया।