
फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशन यूनिवर्सिटी के लॉ-गेट के पास खड़े युवकों पर करीब 30 हथियार बंद बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों के हाथों में तेजधार हथियार और पिस्तौल थे। इन्होंने वहां पर गोलियां भी चलाई। इस हमले में एक युवक जिसकी पहचान हरप्रीत सिंह निवासी सिंहपुर के रूप में हुई है कि मौत हो गई है। जबकि हमले में दो युवक घायल हो गए हैं।हमले में घायल अर्जुन सिंह राणा ने जो कि फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती है ने बताया कि वह उसका भाई हरप्रीत और दोस्त सौरभ अपने ही एक दोस्त मनी को छोड़ने के लिए दूसरे पीजी में जा रहे थे। वह लॉ-गेट के पास खड़े थे। इतने में बाइकों पर करीब 25 से 30 युवक सवार होकर आए। सभी के हाथों में तेजधार हथियार थे। उन्होंने हमला कर दिया।
निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे
अर्जुन ने कहा कि कुछ हमलावरों के पास पिस्तौल भी थे। उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। इस हमले में घायल हरप्रीत को जालंधर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। अर्जुन ने कहा कि उसके भाई हरप्रीत के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। वह यहां पर एक जूस बार में काम करता था।
पुलिस वालों के साथ घूमता एक आरोपी
अर्जुन सिंह राणा ने बताया कि जिन लोगों ने उन पर हमला किया उनमें मनोहर, रोशन, साबा, अभिषेक और अन्य अज्ञात लोग थे। इनमें से रोशन हमेशा पुलिस वालों के साथ घूमता रहता है। रात को भी हमले के बाद पुलिस वाले की गाड़ी में ही सवार होकर गया था। उसे भी उन्होंने पुलिस वाले के गाड़ी में डाल कर ले जाने की कोशिश की थी।