Himachal Pardeshअमृतसरकपूरथलाचंडीगढ़जम्मूजालंधरनई दिल्लीपंजाबफिरोजपुरराजनीतिराष्ट्रीयलुधियानाहरियाणाहिमाचलहोशियारपुर

राम रहीम की सुरक्षा में 200 पुलिसकर्मी तैनात:हनीप्रीत रोहतक से सिरसा डेरे लाई, फोटो-वीडियो पर रोक; दिल्ली चुनाव से पहले पैरोल मिली

Sanjeev.Shelly

डेरा सच्चा सौदा का मुखी राम रहीम साढ़े 7 साल बाद सिरसा डेरे में पहुंच गया है। 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग से करीब एक हफ्ते पहले उसे 30 दिन की पैरोल मिली। सजा के बाद वह पहली बार सिरसा डेरा पहुंचा है।सूत्रों की मानें तो राम रहीम 6 फरवरी तक सिरसा में रहेगा और इसके बाद वह उत्तरप्रदेश के बागपत आश्रम में चला जाएगा।

रोहतक की सुनारिया जेल से राम रहीम को लेने हनीप्रीत 2 गाड़ियां लेकर आई थी। राम रहीम शाह सतनाम जी धाम के अंदर बने ‘तेरा वास’ में ठहरा है।

सिरसा पुलिस ने डेरे के सभी गेटों पर 200 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। डेरे को जाते रास्ते पर भी 10 नाके लगाए गए हैं। जिस गेट से राम रहीम की एंट्री हुई, वहां SHO को पुलिस टीम के साथ तैनात किया गया है। इस गेट से किसी को अंदर जाने की परमिशन नहीं है।यहां वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी बैन की गई है। डेरा प्रेमियों को भी यहां आने से रोका जा रहा है। रास्ते से ही पुलिस उन्हें वापस लौटा रही है। खुद राम रहीम ने भी सिरसा पहुंचने के बाद वीडियो जारी कर कहा था कि कोई यहां न आए।

डेरे के श्रद्धालुओं को भी नहीं था पता

राम रहीम पैरोल पर इस बार सिरसा में रहेगा, इस बारे में उसके श्रद्धालुओं को भी जानकारी नहीं थी। सिरसा के ब्लॉक भंगीदास कस्तूर इन्सां ने बताया कि उनके लिए मंगलवार सुबह यह खुशियों वाला सरप्राइज रहा। उनका गुरु साढ़े 7 साल बाद मुख्य डेरे में पहुंचे हैं। सिरसा के संदीप इन्सां और सुरेश मोंगा ने कहा कि सारे श्रद्धालु इससे खुश हैं।

श्रद्धालुओं को मिलने पर अभी रोक

राम रहीम के सिरसा डेरे में आने के बाद कई श्रद्धालु यहां आना चाहते हैं। हालांकि डेरा मैनेजमेंट ने ब्लॉक कमेटियों के जरिए कहा है कि जब तक आदेश न मिलें, कोई यहां डेरे में न आए। इस दौरान न कोई जश्न मनाना है और न ही श्रद्धालुओं को यहां लेकर आना है। राम रहीम के आने को लेकर डेरे से आदेश आने के बाद ही किसी तरह का कार्यक्रम होगा।

राम रहीम ने वीडियो जारी कर क्या कहा…

सिरसा पहुंचते ही राम रहीम ने वीडियो जारी कर कहा- ‘परमात्मा की कृपया से आपके दर्शनों के लिए और आपकी सेवा में आए हैं। इस बार सिरसा शाह सतनाम जी धाम में आए हैं। आपसे प्रार्थना है कि आप सिरसा में न आएं। अपनी-अपनी जगह पर ही रहें। सेवादार जैसा कहेंगे, आपको अमल करना है। भगवान आप सबको बहुत खुशियां दे। बहुत-बहुत आशीर्वाद।’

राज्य में भी जल्द निकाय चुनाव, विधानसभा इलेक्शन से पहले भी बाहर आया था

राज्य में भी जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं। इसमें 8 नगर निगमों समेत 32 नगर परिषदों और पालिकाओं में चुनाव होने हैं। इसके लिए फरवरी में घोषणा हो सकती है। इससे भी राम रहीम की पैरोल की टाइमिंग को जोड़ा जा रहा है।

इससे पहले भी विधानसभा चुनाव के बीच सितंबर 2024 में राम रहीम ने सरकार से 20 दिन की इमरजेंसी पैरोल मांगी थी। तब मामला चुनाव आयोग तक भी पहुंचा लेकिन राम रहीम को वोटिंग से एक हफ्ते पहले 1 अक्टूबर को पैरोल मिल गई थी।

राम रहीम पर 3 केस, 2 में सजा, एक में बरी हुआ

1. साध्वियों का यौन शोषण

राम रहीम को 25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में दोषी ठहराया गया था। इसके बाद 27 अगस्त 2017 को उसे गिरफ्तार किया गया। इस केस में 28 अगस्त 2017 को उसे 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। जिसके बाद से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।

2. पत्रकार की हत्या

इसके बाद उसे 11 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया और 17 जनवरी 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। रामचंद्र छत्रपति ने डेरे में साध्वियों के यौन शोषण को लेकर तत्कालीन PM अटल बिहारी वाजपेयी को भेजी चिट्‌ठी को अपने अखबार में छापा था।

3. डेरा मैनेजर हत्याकांड में बरी लेकिन सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

उसे 2021 में रणजीत सिंह हत्याकांड में भी दोषी ठहराते हुए उम्रकैद दी गई थी। पिछले साल 28 मई को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले में उसे बरी कर दिया था। मगर, इसके बाद CBI ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी। जिस पर राम रहीम को नोटिस भी जारी हो चुका है। इसमें CBI ने दावा किया था कि डेरे में साध्वियों के यौन शोषण को लेकर जो चिट्‌ठी लीक की गई, वह रणजीत ने ही अपनी बहन से लिखवाई थी। जिसके बाद रणजीत ने डेरे के मैनेजर का पद छोड़ दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page