ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बने कीर स्टार्मर:एंजेला रेनर डिप्टी पीएम, रेचल रीव्ज देश की पहली महिला वित्त मंत्री बनीं
ब्रिटेन के चुनाव में पंजाबियों का दबदबा:11 लोग चुनाव जीतने में रहे सफल, अधिकतर सत्तारूढ़ लेबर पार्टी से चुनाव लड़े

ब्रिटेन में शुक्रवार, 5 जुलाई को सत्ता बदल गई। सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी 14 साल बाद लेबर पार्टी से चुनाव हार गई। इसके कुछ घंटे बाद भारतवंशी ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लेबर पार्टी के 61 साल के कीर स्टार्मर देश के 58वें प्रधानमंत्री बन गए हैं।सुनक ने हार स्वीकार कर पार्टी से माफी मांगी है। उन्होंने स्टार्मर को भी फोन कर जीत की बधाई दी। आम चुनाव में लेबर पार्टी को बंपर जीत मिली है। पार्टी ने कुल 650 सीटों में से 412 पर जीत दर्ज की है। 2 सीटों के नतीजे शनिवार को आएंगे।सरकार बनाने के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है। उधर कंजर्वेटिव 120 सीटों पर सिमट गई। यह कंजर्वेटिव पार्टी की पिछले 200 सालों में सबसे बड़ी हार है।
कीर स्टॉर्मर ने अपनी कैबिनेट का गठन कर लिया है। उन्होंने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए रेचल रीव्ज को वित्त मंत्री बनाया है। वह इस पद को हासिल करने वाली पहली महिला हैं। रीव्ज 45 साल की हैं। उन्होंने बैंकिंग सेक्टर से अपना करियर शुरू किया था। इसके अलावा एंजेला रेनर को उप-प्रधानमंत्री का पद मिला है। रेनर को समानता, आवास और समुदायों के मंत्री का कार्यभार भी मिला है।
स्टार्मर ने सुनक की तारीफ की, कहा- अब रीसेट का समय
जीत के बाद स्टार्मर ने स्पीच दी। उन्होंने पूर्व पीएम ऋषि सुनक की मेहनत को सलाम किया। लोगों से कहा कि चाहे आपने हमें वोट किया हो या नहीं, मेरी सरकार आप सब के लिए काम करेगी। अब ‘रीसेट’ का समय आ गया है। हालांकि, हालातों को बदलने में समय लगेगा। मैं एक-एक ईंट जोड़कर देश को फिर से बनाऊंगा।
पीएम मोदी ने ब्रिटेन के नए PM को दी शुभकामनाएं
ब्रिटेन के आम चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद करते हैं।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऋषि सुनक के नेतृत्व की सराहना की और अपने कार्यकाल के दौरान भारत और ब्रिटेन के संबंधों को प्रगाढ़ करने में उनके ‘सक्रिय योगदान’ के प्रति आभार जताया।
PM स्टार्मर ने इन्हें कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी दी।
एंजेला रेनर – उपप्रधानमंत्री
रचेल रीव्स – वित्त मंत्री
डेविड लैमी – विदेश मंत्री
यिवेट कूपर – गृह मंत्री
जॉन हेली – रक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री- ब्रिजेट फिलिप्सन
ऊर्जा मंत्री- एड मिलिबैंड
व्यापार और वाणिज्य मंत्री- जोनाथन रेनॉल्ड्स
परिवहन मंत्री- लुईस हेघ
शबाना महमूद- न्याय मंत्री
चुनाव में जीतने वाले भारतवंशी
सोजन जोसेफ
शिवानी राजा
कनिष्क नारायण
सुएला ब्रेवरमैन
ऋषि सुनक
प्रीत कौर गिल
प्रीति पटेल
डॉ. नील शास्त्री हर्स्ट
वरिंदर जस
तमनजीत सिंह धेसी
लीसा नंदी
सीमा मलहोत्रा
गुरिंदर सिंह जोसन
सोनिया कुमार
जस अठवाल
बैगी शंकर
सतवीर कौर
हरप्रीत उप्पल
नादिया व्हाइटोम
इस बार हुए चुनाव में सबसे अधिक भारतवंशी नेताओं की जीत हुई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक कुल 19 भारतवंशी नेताओं की जीत मिली है। 2017 के चुनाव में 10 और 2019 में 15 भारतवंशी नेताओं को जीत मिली थी।
ब्रिटेन के चुनाव में पंजाबियों का दबदबा:11 लोग चुनाव जीतने में रहे सफल, अधिकतर सत्तारूढ़ लेबर पार्टी से चुनाव लड़े..
ब्रिटेन में हुए आम चुनावों में पंजाबी मूल के करीब 11 लोग भी चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। ज्यादातर नेता सत्ता में आई लेबर पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते हैं। इन सबमें प्रमुख नाम लेबर पार्टी के तनमनजीत सिंह ढेसी का है। वे मूल रूप से जालंधर के रहने वाले हैं। वे तीसरी बार सांसद बने हैं। इस जीत की खुशी पंजाब में भी मनाई जा रही है। साथ ही चुनाव जीतने वाले सभी पंजाबियों को बधाई दी जा रही है।इस बार ब्रिटेन के चुनाव में वहां की राजनीतिक पार्टियों ने 20 से ज्यादा भारतीय मूल और पंजाबियों को मैदान में उतारा था। क्योंकि वहां पंजाबियों की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि, इस बार लगातार चुनाव जीतते आ रहे लेबर पार्टी के सांसद वीरेंद्र शर्मा मैदान से हट गए। वे जालंधर के रहने वाले हैं और लंबे समय से ब्रिटेन में ही बसे हुए हैं। हालांकि, पिछले चुनाव में तीन लोग चुनाव जीतने में सफल रहे थे।