
पंजाब में जालंधर वेस्ट विधानसभा में उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 13 जुलाई को रिजल्ट आएंगे। 21 जून तक नामांकन भरे जाएंगे। ये सीट शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद खाली हुई है।इस सीट पर 2022 में AAP की टिकट पर शीतल अंगुराल ने चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें जीत मिली थी। कुछ महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए।
पंजाब में लोकसभा चुनाव में मिशन 13-0 की विफलता के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की साख दांव पर लगी है। महज 3 लोकसभा सीटें जीतने के बाद अब सिर्फ एक विधानसभा सीट ही आप की छवि को सुधार सकती है।
दीप नगर में किराए पर लिया मकान
इस उपचुनाव के लिए सीएम भगवंत सिंह मान ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार सीएम भगवंत सिंह मान अब चुनाव संपन्न होने तक जालंधर कैंट के दीप नगर में किराए के मकान में रहेंगे। उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और बहन मनप्रीत कौर भी साथ रहेंगी। सीएम मान जल्द ही दीप नगर में शिफ्ट हो जाएंगे। यह फैसला कल चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद लिया गया है।
हफ्ते में 3 दिन घर में मौजूद रहेंगे सीएम…
मिली जानकारी के अनुसार सीएम मान हफ्ते में तीन दिन इसी घर में मौजूद रहेंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि इससे दोआबा और मांझा इलाके के नेताओं और लोगों के साथ वह नजदीकी संपर्क में रहेंगे। सरकार आप के द्वार कार्यक्रम को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।
AAP के सबसे प्रमुख दावेदार हैं भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत…
जालंधर वेस्ट हलके में उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की तैयारियां जोरो पर हैं। क्योंकि राज्य में आप की सरकार है और इस्तीफा देने वाले एमएलए शीतल अंगुराल (अब बीजेपी में) भी आप में ही थे। अब यहां से AAP के सबसे प्रमुख दावेदार हलका प्रभारी और भाजपा के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी के कई अन्य नेता भी उक्त सीट को लेकर अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। जिसमें जिला संयोजक स्टीवन क्लेर और जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह का नाम शामिल है।