पंजाब के अमरनाथ यात्रियों की बस का ब्रेक फेल,VIDEO:45 श्रद्धालुओं ने कूदकर जान बचाई; सुरक्षाकर्मियों ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकी

पंजाब के होशियारपुर और लुधियाना से श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जा रही बस के ब्रेक फेल हो गए। वहां मौजूद पुलिस और सुरक्षाबलों की मुस्तैदी की वजह से बड़ा हादसा टल गया और लोगों की जान बच गई। इस हादसे में करीब 8 लोग घायल हो गए। इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं।घटना के वक्त बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बस में बैठे यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें ब्रेक फेल होने की जानकारी होने पर यात्री बस से कूदते नजर आ रहे हैं।
घटना में ये लोग हुए घायल
घायलों में रोहन कुमार पुत्र सोहन लाल निवासी होशियारपुर, सुंदरपाल पुत्र तेज चंद, रजनी देवी पत्नी राज कुमार, विक्रम पुत्र राज कुमार, राज कुमार शर्मा पुत्र अमरनाथ निवासी हमीरपुर हिमाचल, शिव कुमार पुत्र कमल दीप निवासी सहारनपुर, सागर शर्मा निवासी लुधियाना और सिमरन नागरवाल निवासी होशियारपुर शामिल हैं। इनका नचलाना गांव स्थित 23RR अस्पताल में उपचार चल रहा है।
रामबन जिले के नचिलाना के पास हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार को श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर रामबन जिले के नचिलाना के पास हुआ। इसमें कई अमरनाथ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब से आ रही बस (PB02BN-9389) के नचिलाना के पास ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें पास के आर्मी कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों के अनुसार, बस अमरनाथ यात्रियों को कश्मीर ले जाने के लिए अधिकारियों के पास पंजीकृत नहीं थी। बस श्री अमरनाथ यात्रा से लौट रही थी। उसे पहले पंजाब के होशियारपुर आना था।