
पंजाब के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा का फर्जी PA बनकर कॉल करने वाला व्यक्ति पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फर्जी पीए भलिंदर सिंह पुत्र बलदेव सिंह को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है और यह मोहाली फेस सात का रहने वाला। फर्जी पीए के खिलाफ पहले भी दो फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी का धंधा करने वाले भलिंदर पर संगरूर और मुक्तसर साहिब में दो फ्रॉड के मामले दर्ज हैं। फर्जीवाड़े के चक्कर में ही भलिंदर मुक्तसर जेल में बंद था। अभी 22 दिसंबर को ही जेल से बेल आउट हुआ और दोबारा फिर से अपने पुराने फर्जीवाड़े के धंधे में जुट गया। एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि इसे पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पकड़ा गया है।
जेल से छूटने के बाद बठिंडा माल रोड से खरीदी सिम
एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को जेल से बेल पर बाहर आने के बाद भलिंदर बठिंडा के माल रोड पर गया। वहां पर उसने अपने ही नाम से एक मोबाइल सिम खरीदी। इसके बाद इसने फर्जी पीए बन कर जालंधर में लोगों को फोन करने शुरू किए। आरोपी फर्जी PA बनकर 3 कॉल कर चुका था। जिसके बाद विधायक रमन अरोड़ा को इस मामले का पता चला।
नंबर ट्रेस कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विधायक के पीए रोहित ने फर्जी पीए के बारे में पुलिस थाना में शिकायत दी थी। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। टेक्निकल टीम की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। पकड़ा गया आरोपी बहुत ही शातिर है। जालंधर में पहले भी एक फर्जी कालिंग का मामला दर्ज है। उसमें भी इसके वॉइस सैंपल कर चैक करवाए जाएंगे।
सेंट थॉमस देहरादून से ग्रेजुएट है आरोपी
पकड़ा गया आरोपी पढ़ा लिखा है। उन्होंने कहा कि आरोपी जमा दो तक सेंट थॉमस स्कूल देहरादून में पढ़ा है। इसके बाद इसने ग्रेजुएशन की है। आर्टिफिशियल ज्वेलरी का धंधा करते-करते लोगों के साथ फ्रॉड करने लगा। जालंधर में भी यह एक कंपनी के साथ संपर्क में था। इसने जालंधर में आना था और अपना प्रभाव जमाने के लिए सोशल मीडिया से इसने विधायक का नंबर लिया और फर्जी पीए बन बैठा।
आरोपी के साथी का भी लगाया जा रहा है पता
पुलिस भलिंदर सिंह को पकड़ने के बाद अब उस फर्जी विधायक का भी पता लगा रही है जिससे यह आगे बात करवाता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि खुद तो भलिंदर पीए बन कर फोन करता था। लेकिन आगे फर्जी विधायक से भी बात करवाता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी पूछताछ जारी है और भी कई खुलासे होंगे।