
पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट के लिए शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हो गए। रविवार को जिला चुनाव अधिकारी सह डीसी हिमांशु अग्रवाल ने सटीक जानकारी साझा की। जिसमें उन्होंने बताया-लोकसभा चुनाव के दिन जालंधर जिले में करीब 59.07 फीसदी वोट पड़े।
इसमें अभी पोस्टल बैलेट से डाले गए वोटों का डेटा जोड़ा जाना बाकी है। सबसे ज्यादा वोट जालंधर के वेस्ट हलके में डाले गए। वहीं, सबसे कम वोट जालंधर सेंट्रल हलके में डाले गए।
किस विधानसभा सीट पर कितने वोट पड़े
डीसी हिमांशु अग्रवाल ने कहा- लोगों ने चुनाव को लेकर प्रशासन का भरपूर साथ दिया और चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न करवाए। सबसे ज्यादा वोट जालंधर वेस्ट हलके में करीब 64 फीसदी पड़े। इसके बाद जालंधर नॉर्थ में 62.10 फीसदी, शाहकोट में 58.79 फीसदी, आदमपुर में 58.50 फीसदी, नकोदर में 58.40 फीसदी, करतारपुर में 57.98 फीसदी, जालंधर कैंट में 57.95 फीसदी, फिल्लौर में 57.80 फीसदी और जालंधर सेंट्रल में 56.40 फीसदी वोट पड़े।
4 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
बता दें कि जालंधर लोकसभा सीट पर वर्ष 2023 में होने वाले उपचुनाव में 54 प्रतिशत मतदान हुआ। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 4 जून 2024 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। डिप्टी कमिश्नर ने शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा बलों और लोगों का आभार भी जताया।