
पंजाब के जालंधर में उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर दिया है। AAP ने इस बार भाजपा को छोड़कर आए मोहिंदर भगत को टिकट दी है।
मोहिंदर भगत BJP के पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत के बेटे हैं।
उनकी जालंधर वेस्ट हलके में मजबूत पकड़ है। भाजपा की तरफ से उन्हें टिकट नहीं मिली थी।
BJP छोड़ AAP में शामिल हुए थे मोहिंदर भगत
2023 में हुए उपचुनाव के दौरान मोहिंदर भगत BJP छोड़कर AAP में शामिल हुए थे। मोहिंदर भगत ने चंडीगढ़ में AAP का झाड़ू थामा। मोहिंदर के पिता चुन्नी लाल भगत पंजाब BJP का बड़ा चेहरा थे।
वह राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। फरवरी 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में BJP ने उन्हें मैदान में उतारा था, जहां उनकी करारी हार हुई। मोहिंदर भगत ने उपचुनाव के दौरान अचानक BJP छोड़ी और आप जॉइन कर ली।
शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद हो रहा उपचुनाव
जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर AAP ने ही सबसे पहले अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है। अन्य किसी पार्टी ने अभी कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। राज्य में AAP की सरकार है और इस्तीफा देने वाले विधायक शीतल अंगुराल (अब भाजपा में) भी AAP से ही थे। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उक्त सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
3 वरिष्ठ नेता छोड़कर भगत पर भरोसा जताया
14 जून से उपचुनाव के लिए नामांकन शुरू हो चुके हैं। इनकी अवधि 21 जून तक है। इसके लिए AAP के सबसे प्रमुख दावेदार विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं भाजपा के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत थे। सोमवार को AAP द्वारा एक्स (X) पर जानकारी साझा की गई कि भगत ही उनके उम्मीदवार होंगे।
वेस्ट हलके की सीट के लिए BJP छोड़ AAP में शामिल हुए रॉबिन सांपला और कोऑर्डिनेटर स्टीवन क्लेयर और जिला योजना कमेटी के चेयरमैन अमृतपाल सिंह के नाम पर भी चर्चा थी, लेकिन AAP ने भगत पर यकीन जताया।